Indian Temples to Visit In New Year: साल 2023 को खत्म होने में अब बस 15 दिन बाकी हैं। यानी नए साल का आगाज होने ही वाला है। ऐसे में लोग अभी से न्यू ईयर का स्वागत करने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं। कुछ लोग जहां नए साल के पहले दिन जमकर पार्टी करते हैं, तो वहीं कई साल की शुरुआत में लंबी ट्रिप पर निकल जाते हैं। हालांकि, इन सब से अलग माना जाता है कि अगर आप साल की शुरुआत धार्मिक रास्ते को अपनाते हुए भगवान के दर्शन से करते हैं, तो सालभर आपके दिन अच्छे ही बीतते हैं। इसी कड़ी में इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसे दिव्य मंदिरों के बारे में बता रहे हैं, जहां दर्शन कर आप अपने साल को और अधिक खास बना सकते हैं।

वैष्णो देवी

साल 2024 की शुरुआत आप माता वैष्णो देवी के दर्शन से कर सकते हैं। 1 जनवरी के दिन माता के दरबार में लोगों को खूब जमावाड़ा देखने को मिलता है। इसके लिए आप अभी से सीधे कटरा की ट्रेन बुक कर सकते हैं। कुल 6 घंटों में आप ट्रेन से सफर कर दिल्ली से कटरा पहुंच जाएंगे। इसके बाद 2-3 दिन माता के दिव्य दरबार के दर्शन करें। आप चाहें तो वैष्णो देवी से सीधे 3 घंटे का सफर कर शिवखोड़ी की ओर रुख कर सकते हैं। साल की शुरुआत यकीनन इससे बेहतर नहीं हो सकती है।

मथुरा-वृंदावन

अगर आप वर्किंग हैं या कहीं जाने के लिए 3 से 4 दिन का समय नहीं निकाल सकते हैं, तो ऐसे में आप श्री कृष्ण जन्मस्थली मथुरा और राधा रानी की नगरी वृंदावन जा सकते हैं। खासकर अगर आप किसी पॉजिटिव एनर्जी की तलाश में हैं, तो साल की शुरुआत में मथुरा-वृंदावन का रुख जरूर करें। यहां आपको मन मोह लेने वाले नजारों के साथ-साथ खोई हुई शांति भी मिलेगी। आप एक से दो दिन के अंदर बांकेबिहारी और राधा रानी के मंदिरों के दर्शन कर सकते हैं।

हरिद्वार

दो दिन की छुट्टी में आप हरिद्वार और ऋषिकेश जाने का प्लान भी बना सकते हैं। यहां आपको भगवान शिव के दर्शन का सोभाग्य प्राप्त होगा। साथ ही शाम के समय गंगा की आरती आपकी सालभर की टेंशन और तनाव को पलभर में दूर कर नए साल के लिए एक अलग उर्जा प्रदान करेगी। इसके अलावा हरिद्वार में आप मनसा देवी और चंडी देवी के मंदिरों में जाकर भी दर्शन कर सकते हैं। इसके लिए आपको थोड़ी चढ़ाई कर जाना होगा, जो आपके सफर को और अधिक यादगार बना देगी। वहीं, अगर आप चढ़ाई नही कर सकते हैं, तो ऐसे में उड़नखटोला में मजेदार सफर कर भी मंदिर तक पहुंच सकते हैं।

महाकाल मंदिर

उज्जैन में महाकाल मंदिर भगवान शिव के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। आप नए साल पर भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए महाकाल मंदिर जा सकते हैं। यहां सालभर भक्तों का जमावाड़ा देखने को मिलता है। माना जाता है कि महाकाल के मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है।

तिरुपति बालाजी

इन सब के अलावा आप आंध्र प्रदेश जाकर तिरुमला तिरुपति बालाजी महाराज के दिव्य मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। इस मंदिर में भगवान विष्णु वेंकटेश्वर अवतार में विराजमान हैं। मान्यता है कि इस मंदिर में भगवान के दर्शन से ही सारी मनोकामनाएं पूरी और कष्ट दूर हो जाते हैं। ऐसे में अगर आने वाले साल आप कुछ नया करना चाहते हैं तो खासकर बालाजी के मंदिर पहुंचकर उनका आशीर्वाद पा सकते हैं।