सावन का पावन महीना पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठानों के लिए बेहद शुभ माना जाता है। मंदिरों से लेकर घरों में पूजा-पाठ के लिए तांबे और पीतल के बर्तनों का इस्तेमाल किया जाता है। तांबे और पीतल को सात्विक धातु माना जाता है। तांबे के लोटे से भगवान सूर्य को अर्घ्य देने से लेकर पीतल के दीपक से आरती करने तक में इनका इस्तेमाल किया जाता है।

लेकिन अक्सर ये गंदे हो जाते हैं या फिर काले पड़ जाते हैं। ऐसे में यहां हम आपको इन्हें साफ करने के बेहद आसान तरीके बताने जा रहे हैं। ये तरीका इतना आसान और सरल है कि बिना मेहनत किए या रगड़े तांबे या पीतल के बर्तन बिल्कुल नए जैसे चमकने लगेंगे। साथ ही अंदर से भी ये बर्तन साफ हो जाएंगे। आइए जानें इसके बारे में।

रंग और चमक खो देते हैं बर्तन

तांबे के बर्तन कई बार काले पड़ जाते हैं या फिर अपनी चमक खो देते हैं। रखे-रखे इनका रंग भी बदल जाता है। पीतल के दीपक भी अक्सर काले पड़ जाते हैं। इन्हें अंदर से साफ करना मुश्किल होता है। क्योंकि इनमें हाथ नहीं जा पाता है। त्योहार पर इन बर्तनों की ज्यादा जरूरत पड़ती है।

तांबे या पीतल के बर्तनों को कैसे करें साफ?

एक बड़ा बर्तन लें। इसमें एक चम्मच्च साइट्रिक एसिड यानी टाटरी ले लें । इसके साथ एक चम्मच नमक लें। फिर इसमें पानी डाल लें। इसे अच्छी तरीके से घोलने के बाद इसमें गंदे बर्तनों को डाल दें। जिन बर्तनों को साफ करना है उसमें भी ये पानी भर दें। थोड़ी ही देर में इसका कालापन छूटने लगेगा। देखते ही देखते बर्तन साफ होने लगेंगे। ज्यादा गंदी वाली जगह पर कोई कपड़ा लेकर हल्का रगड़ दें। बहुत कम समय और मेहनत में ये चमकने लगेंगे। अंदर से भी ये बिल्कुल साफ हो जाएंगे।

ये काम करना न भूलें

घोल से बर्तन साफ करने के बाद तांबे या पीतल के बर्तनों को साफ पानी से धो लें। इसके बाद इसे किसी कपड़े से पोछ दें। ऐसा करने से बर्तन जल्दी काले नहीं पड़ेंगे। इस तरीके को अपनाकर आप कुछ ही मिनटों में अपने काले पीतल या तांबे के बर्तनों को चमका सकते हैं।