Cold Coco Milk Recipe In Hindi: गर्मियां आते ही ठंडी-ठंडी चीजें खाने-पीने का मन करने लगता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक को गर्मियों में दूध से बने शेक, आइसक्रीम खाना बेहद पसंद होता है। शेक की तो गर्मियों में डिमांड बहुत बढ़ जाती है। इसके लिए लोगों की दीवानगी का आलम इस बात से लगा सकते हैं कि यूएस में तो हर साल 12 सितंबर को नेशनल चॉकलेट मिल्क शेक डे सेलिब्रेट किया जाता है। भारत में चॉकलेट शेक को पसंद करने वालों की कमी नहीं है।

बाजार में मिलने वाले शेक में कई तरह से मिलावट का खेल हो सकता है। ऐसे में हेल्दी रहने के लिए आपको घर पर ही शेक तैयार करना चाहिए। यहां हम आपके लिए सूरत की फेमस ‘कोल्ड कोका मिल्क’ ड्रिंक की रेसिपी लेकर आए हैं। इसे हाल में ही शेफ निशा मधुलिका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किया है। इसका स्वाद बच्चों को भी बहुत पसंद आएगा। सबसे अच्छी बात ये है कि इसे बनाना बेहद आसान है।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

दूध- 1 लीटर + 1 कप
कॉर्न फ्लोर- 2 टेबलस्पून
कोको पाउडर- 3 टेबलस्पून
चीनी- 1/3 कप

‘कोल्ड कोका मिल्क’ रेसिपी

1 लीटर दूध को बर्तन में डालकर गर्म करने रख दें। उबाल आने के बाद गैस बंद कर दें। इस बात का ध्यान रखें कि बर्तन मोटे तले का हो। दो कटोरी लें। अब इसमें से एक कॉर्न फ्लोर डालें और दूसरे में कोको पाउडर लें। इसमें दूध डालकर दोनों चीजों को अलग-अलग मिला लें। दूध में उबाल आने के बाद कोको मिल्क डालें। इसे तुरंत चलाएं ताकि गुठली न पड़े। अब कॉर्न फ्लोर भी इसमें डाल दें। बाकी बचा दूध भी इसमें डालें। गैस ऑन कर दें और इसे चलाते रहें। तले में भी अच्छे से चलाते रहें। उबाल आने पर इसे लगातार चलाते रहे। 5 से 7 मिनट तक यही प्रकिया दोहराएं। अब चीनी डालें। चीनी का स्वाद अपने हिसाब से कम या ज्यादा भी कर सकते हैं। करीब 6 मिनट तक उबालें। इसे बनाने के लिए टोन मिल्क का इस्तेमाल करेंगे तो ज्यादा बेहतर है। अब गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। रूम टेम्परेचर पर आने के बाद इसे करीब 5 घंटे फ्रीज में रख दें। सर्व करने से पहले इसे जार में डालकर घुमा दें। ऐसा करने से न केवल इससे झाग आ जाएंगे बल्कि टेस्ट भी बढ़ जाएगा। आप चाहें तो इसमें आइस क्यूव भी डाल सकते हैं। आपका कोल्ड कोका मिल्क बनकर तैयार है।