हर किसी का सपना होता है कि उनका चेहरा हमेशा निखारा और ग्लो करता रहे। अपने इस सपने को पूरा करने के लिए अधिकतर लोग मार्केट में उपलब्ध कई तरह के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, चेहरे की खूबसूरती को और अधिक बढ़ा देने का दावा करने वाले इन प्रोडक्ट्स के दाम आपके महीनेभर के बजट को बिगाड़ सकते हैं। साथ ही इनके इस्तेमाल से कई तरह के साइड इफेक्ट का खतरा भी अधिक बढ़ जाता है। इनके इस्तेमाल से आपको मुंहासों, ड्राई स्किन जैसी कई स्किन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अगर आप नेचुरल तरीके से हेल्दी और ग्लोइंग स्किन पाना चाहते हैं, तो संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज द्वारा बताई गई ट्रिक को अपना सकते हैं। बीते कुछ समय पहले महाराज जी के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया गया था। इस वीडियो में वे चेहरे पर ग्लो लाने का एक जबरदस्त तरीका बताते नजर आ रहे हैं।
क्या कहते हैं प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज?
वीडियो की शुरुआत में महाराज जी बताते हैं कि हमारे लिए जितना जरूरी खाना खाना है, उतना ही जरूरी एक्सरसाइज करना भी है। इसी कड़ी में हर नवयुवक को हर रोज एक्सरसाइज जरूर करनी चाहिए। वे कहते हैं, ‘शरीर स्वस्थ है तभी बुद्धि प्रसन्न है। नवयुवक अगर रोजाना सुबह 4 बजे उठकर, फ्रेश होकर केवल 20 मिनट तक भी व्यायाम करते हैं, तो वे खुद ही देख पाएंगे कि ये उनके लिए किस तरह एक वरदान की तरह काम करता है।’
संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज आगे कहते हैं, कोई भी दवाई वर्जिश से बेहतर नहीं है। एक्सरसाइज करने का कोई खर्च नहीं आता है, उल्टा इससे शरीर में फुर्ती आती है, किसी भी तरह की कोई चोट लगने पर अधिक दर्द नहीं होता है और चेहरे पर एक अलग ही ग्लो आ जाता है। वे कहते हैं, ‘मैं हर रोज 45 मिनट व्यायाम किया करता था, हालांकि जब मेरी किडनी में सूजन आई तब मुझे व्यायाम ना करने की सलाह दी गई। मेरी किडनी पूरी तरह से खराब हो चुकी थी, उसपर बहुत अधिक सूजन थी, ऐसे में व्यायाम करने से किडनी फटने का डर था, तब मैंने व्यायाम करना बंद किया।’
महाराज जी बताते हैं कि पहले वे हर रोज 45 मिनट तक व्यायाम किया करते थे, काफी देर तक सिर के बल खड़ा रहा करते थे और फिर सारे वृंदावन का चक्कर लगाने के बाद दोपहर 2 बजे भोजन किया करते थे। वे कहते हैं, ‘व्यायाम करने से शारीरिक शक्ति बढ़ती है, ऐसे में अगर आप हर रोज नियमित तौर पर व्यायाम करते हैं, तो एक ही साल के अंदर आपका चेहारा पूरी तरह बदल जाएगा। आप खुद अपने चेहरे पर एक अलग ग्लो, अलग तेज देखेंगे। साथ ही ऐसा करने से बीमारियां भी आपसे दूर रहेंगी।’
कौन हैं संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज?
संत श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज एक कथा वाचक हैं। ये वही संत महाराज हैं जिनके पास बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) और क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) अपनी बेटी वामिका के साथ आर्शीवाद लेने पहुंचे थे। श्री हित प्रेमानंद गोविंद शरण महाराज वृंदावन में रहते हैं और संत्संग के माध्यम से लाखों लोगों का मार्गदर्शन करते हैं।