Shakarkand bunane Ka Tarika: सर्दियों में कुछ चीजों को खाने का अलग ही मजा है, उनमें से एक है शकरकंद। भूनी हुई शकरकंद का स्वाद कई लोगों को बहुत ज्यादा पसंद होता है। जब इसे कोयले वाली अंगीठी पर भूना जाता है तो इसका स्वाद और बढ़ जाता है। गांव में लोग चूल्हे पर ही इसे भून लेते हैं। बड़े शहरों में न तो चूल्हे होते हैं और न ही अंगीठी। ऐसे में आप घर पर कुकर, तवे और कढ़ाई में भी इसे भून सकते हैं। यहां बताए तरीके से इसे पकाने पर यह ज्यादा मीठी-मीठी लगेगी।
कुकर में कैसे भूनें शकरकंद ?
कई लोग कुकर में हल्का पानी डालकर शकरकंद को उबालने के लिए सीटी लगा देते हैं। ऐसा करने से इसमें पनीला स्वाद आता है। इसकी बजाए आप बिना पानी के कुकर में शकरकंद भूनें। ये ज्यादा स्वादिष्ट लगेगी। इसके लिए कुकर में 15 मिनट तक स्लो गैस पर शकरकंद को पकाएं। इसकी सीटी न लगाएं न ही पूरी तरह बंद करें। ऐसा करने से हादसा हो सकता है या फिर शकरकंद जल सकती है।
तवे पर कैसे भूनें शकरकंद?
शकरकंद को भूनने के लिए आप तवे का भी इस्तेमाल कर सकते है। इसके लिए सबसे पहले शकरकंद को धो लें। इसके बाद उसके ऊपर हल्का घी या तेल लगाएं। फिर तवे पर शंकरकद को रख दें। इसके बाद तवे को किसी पैन से ढंक दें। गैस को धीमी रखें। करीब 10 मिनट बाद शकरकंद को पलट दें। जब हर तरफ से यह भून जाए तो गैस बंद कर दें। यह स्वाद में बिल्कुल चूल्हे या अंगीठी जैसा स्वाद देगा।
कढ़ाई में कैसे भूनें शकरकंद?
तवे की तरह आप कढ़ाई में भी शकरकंद को भून सकते हैं। धीमी आंच पर कढ़ाई में शकरकंद को भूनने से इसका स्वाद मीठा आएगा। बस एक बात का ख्याल रखें कि इसके लिए भारी बेस वाली कढ़ाई लें। इसमें आप चिकनाई लगाएं साथ ही शकरकंद में भी हल्का घी लगाएं। इसे हर तरफ भूनने तक थोड़ी-थोड़ी देर में पलटते रहें।
