सावन का पावन महीना भगवान शिव को समर्पित होता है। यह महीना भोलेनाथ की आराधना और भक्ति के लिए बेहद खास माना जाता है। कल, यानी 4 अगस्त को सावन का आखिरी सोमवार पड़ रहा है। इस दिन शिवभक्त शिवालयों में जाकर जलाभिषेक करते हैं और भोलेनाथ को तरह-तरह के भोग अर्पित करते हैं। ऐसे में आप इस खास अवसर पर भगवान शिव को शकरकंद की खीर का भोग लगा सकते हैं। इसे आप कुछ ही मिनटों में तैयार कर सकते हैं।
शकरकंद की खीर बनाने की सामग्री
2 मीडियम आकार के शकरकंद
1 लीटर दूध
1 बड़ा चम्मच घी
चीनी
आधा चम्मच इलायची पाउडर
काजू
बादाम
पिस्ता
कैसे बनाएं शकरकंद की खीर?
स्टेप-1
शकरकंद की खीर को तैयार करने के लिए सबसे पहले इसे अच्छे से उबाल लें। अब इसे छीलकर अच्छे से मैश कर लें। फिर एक गहरे तले की कढ़ाई में घी गरम करें और उसमें मैश किया हुआ शकरकंद डालें। अब इसे करीब दो से तीन मिनट तक भूनें।
स्टेप-2
अब इसमें दूध डालें और कुछ मिनट के लिए मध्यम आंच पर पकाएं। इसे समय-समय पर चलाते रहें ताकि खीर तले में न लगे। कुछ समय बाद खीर गाढ़ी हो जाएगी। अब इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालें। अंत में इसमें सूखे मेवे डालकर 4-5 मिनट और पकाएं। अब खीर को ठंडा करके भोलनाथ को भोग लगा सकते हैं। भोग लगाने के बाद इसे व्रत में भी खा सकते हैं। आप इसमें मखाना या नारियल का बुरादा भी मिला सकते हैं।