बसंत पंचमी का त्योहार ज्ञान, विद्या और कला की देवी मां सरस्वती को समर्पित होता है। इस दिन मां सरस्वती की विधि-विधान से पूजा की जाती है। इस खास मौके पर मां सरस्वती को तरह-तरह की चीजों का भोग लगाया जाता है, जिसमें सूजी का हलवा भी शामिल है।

दरअसल, सूजी का हलवा स्वाद में बेहतर होने के साथ-साथ जल्दी तैयार भी हो जाता है। इसे बनाने में अधिक सामग्री की जरूरत नहीं होती है। अगर आप भी मां सरस्वती की पूजा करने वाले हैं, तो इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसकी रेसिपी आप यहां देख सकते हैं।

सूजी का हलवा बनाने के लिए सामग्री

1 कप सूजी
आधा कप घी
स्वादानुसार चीनी
पानी
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
काजू, बादाम, किशमिश

सूजी का हलवा कैसे बनाएं?

सूजी का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाही में घी गर्म करें। अब इसमें सूजी डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें, जिससे इसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए और खुशबू आने लगे। अब इसमें पानी डालें और लगातार चलाते रहें। ध्यान रखें कि सूजी में गांठ न बनने पाए।

इसके बाद इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। चीनी डालने के बाद हलवा थोड़ा ढीला हो जाएगा। अब इसमें इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें। इसके बाद कुछ समय तक हलवे को धीमी आंच पर पकाते रहें। कुछ ही समय बाद हलवा कढ़ाई के किनारे छोड़ने लगेगा। अब गैस बंद कर हलवे को ढककर 2-3 मिनट के लिए छोड़ दें। इस तरह भोग के लिए हलवा तैयार हो जाएगा।

हलवे का भोग कैसे लगाएं?

पूजा के समय सूजी के हलवे को साफ कटोरी या थाली में निकालें। अब इसे मां सरस्वती की प्रतिमा या तस्वीर के सामने रखें। आप साथ में पीले फूल, फल और अक्षत भी मां सरस्वती को अर्पित कर सकते हैं। भोग लगाने के बाद प्रसाद को कुछ समय तक ऐसे ही रहने दें। कुछ समय बाद आप इसे उठाकर प्रसाद के तौर पर बांट सकते हैं।