Republic Day 2020: हर साल 26 जनवरी को विदेश के कोई गणमान्य व्यक्ति मुख्य अतिथि के रूप में आते हैं। उनकी एक झलक पाना, साथ ही गणतंत्र दिवस की परेड और झाकियां देखना सभी को पसंद होता है। पर कई बार सुरक्षा कारणों से लोग इसका पूरी तरह आनंद नहीं उठा पाते हैं, कभी कुछ सड़कें बंद कर दी जाती हैं तो कभी किसी वस्तु को लाने की मनाही होती है। 26 जनवरी को सुरक्षा के इंतजामों की पूरी जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलें।
चेहरे पहचानने वाले सिस्टम की ली जाएगी मदद- गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस बार सुरक्षा के लिए चेहरे पहचानने वाले सिस्टम और ड्रोन का इस्तेमाल भी किया जाएगा। इसके अलावा राजपथ से लाल किला तक होने वाली परेड के रास्ते पर चाक- चौबंद रखने के लिए बहुमंजिला इमारतों पर शार्पशूटर और स्नाइपर तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा लाल किला, चांदनी चौक और यमुना खादर वाले इलाकों में 150 कैमरों के साथ ही कई सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
जेयर बोलनसारो होंगे मुख्य अतिथि- ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलनसारो इस बार गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। नई दिल्ली के डीसीपी ईश सिंघल के अनुसार सुरक्षा के खास बंदोबस्त किए गए हैं। गणतंत्र दिवस के पहले से ही दिल्ली में 10 हजार सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा विभिन्न होटलों, टैक्सी और ऑटो वालों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, अर्धसैन्य बल के कर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था का भार सौंपा गया है।
चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का है इंतजाम- डीसीपी के अनुसार 26 जनवरी को चार स्तरीय सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। विभिन्न जगहों पर तैनात सिपाही अधिक चौकन्ना हो गए हैं। अधिक भीड़-भाड़ और व्यस्त इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड, मॉल-सुपर मार्केट में भी पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा शनिवार शाम 6 बजे से रविवार जब तक परेड खत्म नहीं हो जाती तब तक राजपथ पर विजय चौक से लेकर इंडिया गेट तक यातायात को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। बता दें कि देश के अन्य शहरों में भी इस मौके पर पुलिस व अन्य सुरक्षाबल अधिक मुस्तैद हो गए हैं।