घर में चूहों का आना-जाना आम बात है, लेकिन जब इनकी संख्या बढ़ने लगती है, तो ये परेशानी का कारण बन जाते हैं। चूहे अनाज को नुकसान तो पहुंचाते ही हैं। ये कपड़े, किताबें, वायर, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान को भी कुतर देते हैं। इससे घर में गंदगी फैलती है और नुकसान भी होता है। ऐसे में इन्हें घर से बाहर निकालना बेहद जरूरी हो जाता है।
चूहों को भगाने के लिए लोग कई चीजों का उपयोग करते हैं। कई लोग तो जहर से चूहों को मार देते हैं, वहीं अधिकतर लोग ट्रैप का सहारा लेते हैं। ऐसे में आप कुछ घरेलू उपाय फॉलो कर आसानी से चूहों को भगा सकते हैं। इसमें चूहों को मारने की जरूरत नहीं होगी। यहां हम 5 आसान उपाय लेकर आए हैं, जिन्हें आप आसानी से फॉलो कर सकते हैं।
फिटकरी का करें उपयोग
चूहों को भगाने के लिए आप घर के कोनों, किचन और अलमारियों में फिटकरी की छोटी-छोटी गोलियां रख सकते हैं। आप इसके पाउडर का हल्का छिड़काव भी कर सकते हैं। फिटकरी की गंध और स्वाद चूहों को बिल्कुल पसंद नहीं होता, इसलिए यह उन्हें भगाने में काफी असरदार है। चाहें तो आप फिटकरी पाउडर को पानी में घोलकर चूहों के आने-जाने वाले स्थानों पर स्प्रे भी कर सकते हैं।
कपूर से चूहों को कैसे भगाएं?
पूजा में उपयोग किए जाने वाले कपूर से भी चूहों को आसानी से भगाया जा सकता है। चूहों को भगाने के लिए आप घर के कोनों या अन्य स्थानों पर कपूर की गोलियां रख दें। इनसे निकलने वाली तेज गंध के कारण चूहों का दम घुटने लगता है, जिससे वे उस जगह से दूर रहने लगते हैं।
प्याज और लहसुन का करें स्प्रे
चूहों को घर से दूर भगाने में प्याज और लहसुन का स्प्रे भी मददगार हो सकता है। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में प्याज और लहसुन का रस भर लें, फिर उसमें थोड़ा पानी मिलाएं। बोतल को अच्छे से हिलाकर रस और पानी को मिला लें। अब इसे घर के हर कोने में छिड़क दें। ऐसा करने से चूहे दूर भाग जाते हैं।
नीम और नीलगिरी का तेल
घर में आए चूहों को भगाने के लिए आप नीम और नीलगिरी का तेल उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए दोनों तेलों को एक स्प्रे बोतल में डालकर अच्छी तरह मिला लें। फिर इसे चूहों के आने-जाने वाले रास्तों पर छिड़क दें। इससे चूहों का घर में प्रवेश बंद हो जाएगा।
पुदीने का करें उपयोग
चूहों को भगाने के लिए आप पुदीने का उपयोग भी कर सकते हैं। दरअसल, चूहों को इसकी तीखी खुशबू बिल्कुल पसंद नहीं आती। ऐसे में आप पुदीने के तेल को कॉटन बॉल में भिगोकर घर के कोनों, अलमारी और किचन में रख दें। आप इन्हें चूहों के आने-जाने वाले रास्तों पर भी रख सकते हैं। इससे चूहे घर में नहीं आएंगे।
