रात की रानी एक ऐसा खुशबूदार पौधा है, जिसकी महक शाम ढलते ही पूरे वातावरण को महका देती है। इसे नाइट ब्लूमिंग जैस्मिन (Night Blooming Jasmine) के नाम से भी जाना जाता है। आप इस पौधे को घर पर आसानी से गमले में भी उगा सकते हैं। इस पौधे को अधिक देखभाल की जरूरत नहीं होती है। इसके फूलों से आपका आंगन या बालकनी सुगंधित हो जाता है।

गमले का करें चयन

रात की रानी का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चयन करना होगा। आप इसके लिए 12-18 इंच का गमला ले सकते हैं। इसके बाद गमले में एक छोटा सा छेद कर दें। इससे गमले में पानी जमा नहीं होगा, जिससे जड़ें सुरक्षित रहेंगी।

गमले के लिए मिट्टी तैयार करें

इस पौधे के लिए पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी की जरूरत होती है। ऐसे में इसके लिए मिट्टी तैयार करें। आप गार्डन की मिट्टी ले सकते हैं। इसमें गोबर की खाद, वर्मी कंपोस्ट और थोड़ी सी रेत मिला दें। इससे पौधे की ग्रोथ अच्छी होती है।

गमले में कैसे लगाएं रात की रानी का पौधा?

अब आप रात की रानी के पौधे को गमले में लगा सकते हैं। इसके लिए आप पौधा पास की नर्सरी से खरीद सकते हैं। हालांकि, इसे कटिंग से भी उगाया जा सकता है। कटिंग लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि उसमें 2-3 गांठें हों। इसके बाद गमले में मिट्टी भरकर पौधे को सीधा लगा दें। पौधा लगाने के बाद उसमें तुरंत पानी डाल दें।

इस तरह करें पौधे की देखभाल

रात की रानी के पौधे को अधिक तेज धूप की जरूरत नहीं होती है। ऐसे में आप इसे बालकनी में भी रख सकते हैं। वहीं, इस पौधे में अधिक पानी भी नहीं डालना चाहिए। मिट्टी सूखने पर ही इसमें पानी दें। अधिक पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं।