प्रेग्नेंसी के दौरान अक्सर महिलाएं साड़ी पहनने में हिचकिचाती हैं। क्योंकि गर्भावस्था में तीन महीने के बाद बेबी बंप दिखाई देने लगता है। ऐसे में बढ़े हुए पेट की वजह से महिलाएं असहज महसूस करती हैं। बेबी बंप दिखाई देने के कारण गर्भवती महिलाएं शादी और पार्टियों में जाने से भी बचती हैं। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे साड़ी पहनने के ऐसे तरीके, जिससे ना सिर्फ आप स्टाइलिश लगेंगी, बल्कि आपका बेबी बंप भी छिप जाएगा।

सीधे पल्ले की साड़ी: सीधे पल्ले की साड़ी लंबे समय से चलन में है। इसको गुजराती स्टाइल साड़ी भी कहा जाता है। आज के समय में लड़कियां लहंगे के साथ भी दुपट्टा सीधे पल्ले में लेती हैं। इस स्टाइल में साड़ी का पल्ला पीछे से आगे की तरफ आता है और उसमें प्लेट्स भरी जाती हैं। यह पल्लू पेट की चारों ओर लपेटा जाता है, जिससे पेट पूरी तरह से कवर हो जाता है। सीधे पल्ले की साड़ी को आप पौने बाजू के ब्लाउज के साथ पहन सकती हैं। इसमें आपका लुक काफी स्टाइलिश लगेगा।

साड़ी को थोड़ा पेट से ऊपर बांधें: गर्भवती महिलाओं को अगर अपना बेबी बंप छिपाना है, तो इसके लिए साड़ी को पेट के ऊपर की तरफ से बांधें। इससे आपका बेबी बंप छिप जाएगा और आप फैशनेबल लगेंगी।

बंगाली स्टाइल में पहनें साड़ी: बंगाली स्टाइल की साड़ी आज के समय में काफी लोकप्रिय है। इस स्टाइल में साड़ी का पल्लू कंधे से नीचे की तरफ आता है, जिससे आपको बेबी बंप छिपाने में मदद मिलती है। बंगाली स्टाइल की साड़ी स्टाइलिश लुक देने के साथ ही आरामदायक भी होती है।

पहनें फ्लोरल पैटर्न की साड़ी: गर्भावस्था में भारी, जरीदार और कढ़ाई वाली साड़ी पहनना काफी मुश्किल होता है। क्योंकि, इससे आप काफी असहज महसूस करती हैं। गर्भावस्था के दौरान महिलाएं ऐसी साड़ी पहनना पसंद करती हैं, जो आरामदायक और सॉफ्ट हों। इसके लिए वह कॉटन, शिफॉन या जॉर्जेट जैसे हल्के कपड़े चुनना पसंद करती हैं। ऐसे में आप स्टाइलिश लुक पाने के लिए फ्लोरल पैटर्न और छोटे प्रिंट्स की साड़ियों को ट्राई कर सकते हैं।

कर सकते हैं पतले बॉर्डर वाली साड़ी ट्राई: महिलाएं पतले बॉर्डर की साड़ी ट्राई कर सकती हैं। क्योंकि चौड़े बॉर्डर वाली साड़ियां में आपकी उम्र ज्यादा नजर आ सकती है।