डिलीवरी के तुरंत बाद बढ़ा हुआ पेट परेशान तो करता ही है साथ ही साथ यह देखने में भी अच्छा नहीं लगता। वैसे तो समय बीतने के साथ-साथ पेट का मोटापा कम होता जाता है लेकिन अगर आप नियमित रूप से एक्सरसाइज नहीं करतीं तो आपका पेट पूरी तरह से सपाट नहीं हो पाता। गर्भावस्था के बाद पेट का मोटापा प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसके बाद अगर आप अपने पेट को सही शेप में लाना चाहती हैं तो इसके लिए जरूरी है कि आप नियमित रूप से एक्सरसाइज करें। आज हम आपको प्रेग्नेंसी के बाद पेट का मोटापा कम करने में मददगार एक्सरसाइज के बारे में ही बताने जा रहे हैं।
सीजर किक्स – यह डिलीवरी के बाद पेट का मोटापा कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है। इसे करने के लिए सबसे पहले आप फर्श पर लेट जाइए। अपने दोनों हाथों को कूल्हों के नीचे रखिए। ऐसे में पीठ जमीन पर लगा होना चाहिए। अब अपने एक पैर को धीरे-धीरे तकरीबन 10 इंच तक उठाइए और फिर धीरे-धीरे ही जमीन पर रखिए। अब दूसरे पैर के साथ भी यही क्रिया दुहराइए। एक पैर से कम से कम 10 बार यह एक्सरसाइज करने से पेट के मोटापे से जल्द राहत मिलेगी।
पेल्विक टिल्ट्स – बढ़े पेट को कम करने के लिए एक और एक्सरसाइज यूं है कि इसमें सबसे पहले आप फर्श पर लेट जाइए। इसके बाद अपने दोनों पैरों को घुटनों से यूं मोड़िए कि पांव के पंजे जमीन पर रहें। अब अपने कूल्हों को धीरे-धीरे ऊपर उठाइए और कुछ देर तक रुकिए। अब धीरे-धीरे उन्हें जमीन पर टिका दीजिए। इस पूरी प्रक्रिया में शरीर के ऊपरी हिस्से जमीन पर ही रहेंगे। इस प्रक्रिया को कम से कम 15 बार दुहराइए।
इन तरीकों के इस्तेमाल से शीघ्र ही आप बच्चे के जन्म लेने के बाद निकले हुए पेट को सही शेप में ला सकती हैं। प्रेग्नेंसी के बाद फिटनेस वापस पाने के ये बेहतर और आसान से तरीके हैं। इनकी मदद से पीठ के दर्द सहित प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाले कई अन्य तरह के दर्द से भी छुटकारा मिल जाता है।
