Pineapple Juice: कोल्ड ड्रिंक्स हो या फिर पैक्ड जूस, लंबे समय तक इनका सेवन सेहत के लिए सही नहीं होता है। गर्मियों में अक्सर लोगों का कुछ ठंडा पीने का मन करता है। ऐसे में अक्सर लोग बाजार से सॉफ्ट ड्रिंक्स या जूस लेकर पी लेते हैं। लेकिन इनमें शुगर भी बहुत होती है और ये सेहत के लिए फायदेमंद भी नहीं माने जाते हैं। इन दिनों बाजार में अनानास का फल खूब मिल रहा है। ऐसे में आप घर पर ही शुद्ध फ्रेश टेस्टी पाइनएप्पल का जूस निकालकर पी सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी और इसे पीने के फायदे।

मौसमी बीमारियों से बचाए

अनानास का जूस पीने से इम्यूनिटी मजबूत होती है। इससे मौसमी बीमारियों से बचाव होता है। इस फल में विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो इम्यूनिटी बूस्ट करने में मदद करते हैं।

हड्डियों और पेट के लिए फायदेमंद

अनानास का जूस पीने से हड्डियां मजबूत होती हैं। इसे पीने से कब्ज की दिक्कत नहीं होती है। लूज मोशन में भी ये राहत दिलाता है। क्योंकि इसमें एंटी-माइक्रोबियल गुण होते हैं।

घर में अनानास का जूस कैसे बनाएं?

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

चार से पांच व्य
1 अनानास
1 अनार
चीनी
1 बड़ा गिलास पानी
आइस

पाइनएप्पल जूस रेसिपी

अनानास का जूस बनाने के लिए सबसे पहले फल के टुकड़े कर लें। फिर उसे एक प्लेट में रख दें। अब आपको अनार छीलना है। इन्हें भी एक कटोरी में रख लें। फिर एक मिक्सी जार में अनन्नास के पीस और अनार के दाने डालें। स्वाद के अनुसार आप इसमें थोड़ी चीनी मिलाएं। इसके बाद पानी एड करें। अब मिक्सी में सभी चीजों को पीस लें। एक बड़ा बर्तन लें। उसके ऊपर एक चलनी रखें। इसके जरिए जूस को छान लें। फिर जूस को थोड़ी देर फ्रिज में रख दें। आप चाहें तो इसमें पानी की जगह बर्फ भी मिला सकते हैं। अब फ्रिज से निकालकर गिलास में करके ठंडा ठंडा सर्व करें।