National Science Day 2024: आज हमारे आस-पास जितनी भी सुख सुविधाएं और ऐशो- आराम मौजूद हैं वो सब साइंस की देन है। बंद कमरों में रोशनी से लेकर हवादार बनाने में साइंस का ही खेल है। विज्ञान ने मनुष्य को दुखों से छुटकारा दिलाने,अज्ञानता को दूर करने और मुश्किलों को कम करने में अहम भूमिका निभाई है। चाहे घर हो,कारखाना हो, खेत हो जीवन के हर क्षेत्र में विज्ञान की भूमिका बेमिसाल है। जमीन से लेकर आसमान तक विज्ञान के लाखों चमत्कार हैं।
भारत में हर साल 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। यह दिन लोगों के बीच विज्ञान और उसके अनुप्रयोगों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। यह दिन विज्ञान के महत्व और लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में इसकी भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है।
यह दिन भारतीय भौतिक विज्ञानी सर चन्द्रशेखर वेंकट रमन द्वारा उनके द्वारा की गई खोजों की याद में मनाया जाता है। उनके खास अविष्कारों की वजह से ही चन्द्रशेखर वेंकट रमन को 1930 में नोबल पुरस्कार से नवाजा गया था। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर साल अलग-अलग थीम के साथ मनाया जाता है। आइए जानते हैं इस दिन का इतिहास, महत्व और साल 2024 की थीम के बारे में।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2024 की थीम क्या है?
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2024 की थीम ‘विकसित भारत के लिए स्वदेशी तकनीक’है। इस साल की ये थीम वैज्ञानिक, तकनीकी और नवाचार कौशल को बढ़ावा देने पर जनता का ध्यान केंद्रित करने पर जोर देती है। ये थीम प्रौद्योगिकी के माध्यम से देश की समस्याओं का समाधान करने में भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डालती है। इस साल की थीम वैज्ञानिकों के साथ मिलकर लोगों की भलाई के लिए एक साथ काम करने पर जोर देती है। विज्ञान की मदद से ही भारत आत्मनिर्भर बना है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2024 की थीम उन मुद्दों को संबोधित करने की आवश्यकता पर जोर देती है जो पूरी तरह से मानवता के लिए जरूरी हैं।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2024 का इतिहास
हर साल 28 फरवरी को नेशनल साइंस डे मनाया जाता है। इस दिन ही देश के महान वैज्ञानिक सीवी रमन ने प्रकाश की फोटोन थ्योरी से जुड़ी एक अहम खोज की थी, जिसका पूरी दुनिया ने लोहा माना था। इसे ‘रमन इफेक्ट’ के नाम से जाना जाता है। सीवी रमन को इस खोज के लिए नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया था। यह खोज भौतिकी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान थी। इस खोज की याद में ही साल 1987 से 28 फरवरी को नेशनल साइंस डे के रूप में मनाया जाता है।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2024 का महत्व
विज्ञान के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का खास मकसद उन वैज्ञानिकों के प्रयासों को याद करना है जो हमारे जीवन को सरल और आसान बनाने के तरीकों की खोज करते हैं। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाने का सबसे अच्छा तरीका यह समझना है कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी ने किस तरह से प्रगति की है और उन स्थानों की खोज की है जहां तक पहुंचना नामुमकिन था। यह दिन वैज्ञानिक मुद्दों पर चर्चा करने, वैज्ञानिक विकास के लिए नई प्रौद्योगिकियों को लागू करने और दूसरों के बीच विज्ञान और प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित करने और लोकप्रिय बनाने का अवसर प्रदान करता है।