Milk Cake Recipe: अगर आप मीठा खाने के शौकीन हैं तो आपने मुंह में घुल जाने वाला दानेदार मिल्क केक जरूर चखा होगा। यूं तो यह मिठाई की दुकान पर आसानी से मिल जाता है। लेकिन आप घर में सिर्फ 1 लीटर दूध से इसे बड़ी आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसे किसी भी तीज-त्योहार पर आप मेहमानों के लिए बना सकते हैं। इतना ही नहीं इसका स्वाद इतना टेस्टी होता है कि आप खुद भी इसे बार-बार खाने से रोक नहीं पाएंगे। शेफ कुणाल कपूर से जानते हैं इसकी रेसिपी।
मिल्क केक बनाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
2 लीटर दूध (फुल फैट)
200 ग्राम या 1 कप चीनी
10 मिलीलीटर या 2 छोटे चम्मच सिरका
2 बड़े चम्मच देसी घी
मुट्ठी भर कटे हुए काजू
मुट्ठी भर बादाम (कटे हुए)
मुट्ठी भर कटे हुए पिस्ता
सबसे पहले दूध को गर्म करें। इसमें उबाल आने दें। चम्मच से इसे लगातार चलाते रहें। एक बात का ख्याल रखें कि किनारों व तले से दूध को खुरचते रहें। जब दूध लगभग 50% रह जाए, तब आपको उसमें सिरका डालना है।। इसके बाद भी इसे चलाते रहें और पकाते रहें। जब तक कि दूध में दाने (दाना) न बन जाएं। एक चीज का ख्याल रखें कि आपको दूध को पूरी तरह से फाड़कर पनीर नहीं बनाना है।
दूध इतना ही फटना चाहिए कि दूध के ठोस कण दाने के रूप में अलग होने लगें। इसके बाद इसे 10 मिनट और पकाएं। इसके बाद आधी चीनी डालें। फिर 10 मिनट बाद बची हुई चीनी और घी डालें। इसे तब तक पकाएं जब तक तरल सूख न जाए। साथ ही दूध के ठोस कण आपस में चिपकने न लगें। इस अवस्था में मिल्क केक का रंग लाल होने लगेगा। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि चीनी कैरेमल बनने लगेगी।
अब जितना ज़्यादा पकाएंगे, उतना ही ज़्यादा फज, नटी और ब्राउन मिल्क केक बनेगा। ये आपकी पसंद पर निर्भर करता है कि आपको कितना ब्राउन चाहिए। मिश्रण के गाढ़ा होने दें। उसमें घी की बूंदें निकलने लगें, तो आंच बंद कर दें। अब आपको करीब 1 इंच ऊंचाई वाले चिकनाई लगे तवे पर निकाल लेना है।। ठंडा होने दें और फिर चौकोर या पतले टुकड़ों में काटकर परोसें।
