Matar ka Paratha recipe in hindi: सर्दियों में पराठे खूब खाए और बनाए जाते हैं। गर्मागर्म पराठा चाय, अचार,दही या फिर चटनी के साथ खाना अक्सर लोग पसंद करते हैं। ठंड में कई तरह की सब्जियों से बाजार गुलजार हो जाते हैं। इन्हीं में से एक है ताजी हरी मटर। यूं तो मटर से कई तरह की डिश बनाई जाती हैं लेकिन सर्दियों में इससे बने पराठे आपको जरूर ट्राई करने चाहिए। एक बार आपने इसे खा लिया तो आप आलू, मूली या मेथी के पराठे के साथ-साथ इसे भी खाने की डिमांड करना शुरू कर देंगे। आप इसे सुबह नाश्ते से लेकर डिनर तक में खा सकते हैं। इन दिनों मटर के भाव भी उतर गए हैं। ऐसे में आप मनभर आप सस्ती मटर से पराठे बना सकती हैं।
हरी मटर के पराठे कैसे बनाएं?
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
500 सौ ग्राम ताजी हरी मटर (इसे छीलकर दाने निकाल लें), गेंहू का आटा तीन कप, तेल दो चम्मच, हरी मिर्च दो से तीन, हरी धनिया, अदरक, नमक स्वादनुसार, हींग, मेथी के दाने, जीरा, लहसुन।
हरी मटर के पराठे की रेसिपी
ताजी हरी मटर के पराठे बनाने के लिए सबसे पहले आपको हरी मटर के दाने को छीलकर अलग रखना होगा। पराठे बनाने के लिए ताजी और मीठी मटर ही लें। इन्हें साफ करके धोकर अलग रख दें। अब आपको गेहूं के आटे को छानकर इसमें एक चुटकी नमक मिलाना है। इसमें दो चम्मच तेल भी डालें।
फिर इसे पानी की सहायता से अच्छी तरह से गूंथ लें। एक बात का ख्याल रखें पराठे बनाने के लिए आटे को बिल्कुल नर्म गूंथे। इसके बाद इसे ढंककर रख दें। अब आपको इसके लिए भरावन तैयार करनी है। इसके लिए पहले हरी मटर के दाने को निकालकर साफ कर लें।
इसके बाद इसे हल्का सा पका लें। ऐसा करने से ये थोड़ी नर्म हो जाएगी। पकाते समय पानी ना डालें। ऐसा करने से यह ज्यादा पक जाएगी। साथ मटर की स्टफिंग जो हम बना रहे हैं वह गीली हो जाएगी। ऐसा होने से पराठे बनाने में दिक्कत होगी। इसके बाद मटर को अच्छी तरह से पीस लें।
फिर इसमे अजवाइन, नमक, लाल मिर्च डालें। साथ ही हरी मिर्च, हरी धनिया और लहसुन का पेस्ट बनाकर इस पेस्ट में मिला दें। अच्छी तरह से मटर के पेस्ट को मिक्स करें। बस तैयार है मटर की स्टफिंग। इसके बाद आपको आटे की गोल लोई लेकर उसमें मटर के भरावन को भरें। अब तवे पर सुनहरा होने तक पकाएं।
