गर्मी का मौसम अपने साथ कई तरह की परेशानियां लेकर आता है। हालांकि, इन तमाम परेशानियों के बीच एक चीज जिसके लिए हर कोई गर्मी का इंतजार बेसबरी से करता है, वो है आम। आम की एक बाइट मुंह के अंदर जाते ही लोग इन तमाम तरह की समस्याओं को भूल जाने के लिए तैयार हो जाते हैं। भारत के कई प्रदेशों में तरह-तरह के आमों की वैरायटी पाई जाती है। वहीं, लोग भी इन आमों को अलग-अलग तरीके से खाना पसंद करते हैं। किसी को आम का शेक पीना पसंद होता है, तो कई आम से कई तरह की डिश बनाते हैं, लेकिन क्या कभी आपने घर पर आम की आइसक्रीम बनाकर खाई है? अगर नहीं तो इस आर्टिकल में हम आपको मैंगो आइसक्रीम रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं, इस रेसिपी से बनी आइसक्रीम को खाकर आप यकीनन मार्किट में मिलने वाली आइसक्रीम को खाना भूल जाएंगे।
मैंगो आइसक्रीम बनाने के लिए आपको केवल 5 चीजों की जरूरत होगी। आम, कंडेन्स्ड मिल्क, दूध, नींबू और चीनी। इन 5 सामानों की मदद से आप ऐसी कमाल की आइसक्रीम बना सकते हैं, जो बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी काफी पसंद आएगी। इसके अलावा ये आइसक्रीम आपको तेज गर्मी में राहत का अहसास भी दिलाएगी।
घर पर कैसे बनाएं मैंगो आइसक्रीम?
- इसके लिए सबसे पहले 3 से 4 आमों को अच्छी तरह धो लें।
- अब आम को टुकड़ों में काट लें। आइसक्रीम बनाने के लिए आप 2 कप आम के टुकड़े ले सकते हैं।
- इन टुकड़ों को मिक्सर में डालें और उसमें 1/2 कप चीनी डाल दें। मिक्सर को तब तक चलाएं, जब तक कि मिश्रण अच्छी तरह से सॉफ्ट न हो जाए।
- इसके बाद तैयार हुए मिश्रण को एक बड़े बाउल में निकालकर इसमें 2 कप दूध, 1/2 कप कंडेन्स्ड मिल्क और 1 टी स्पून नींबू का रस मिला लें।
- सारी सामग्रियां अच्छी तरह से मिक्स हो जाने के बाद तैयार हुए मिश्रण को एक एल्यूमिनियम के कंटेनर में डाल दें।
- अब कंटेनर को एक पन्नी से कवर कर करीब 6 से 7 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। 6 से 7 घंटे फ्रिज में रहने से ये मिश्रण लगभग आधा सैट हो जाएगा।
- इसके बाद एक बार फिर इसे मिक्सर में डालकर तब तक चलाएं, जब तक ये पूरी तरह से सॉफ्ट न हो जाए।
- सॉफ्ट होने पर एक बार फिर इसे एल्यूमिनियम के कंटेनर में डालें और पन्नी लगाकर कवर कर दें।
- कंटेनर को 10 से 12 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। इस तरह आपकी आइसक्रीम बनकर तैयार हो जाएगी।
हालांकि, ध्यान रहे कि जब आइसक्रीम पूरी तरह से हार्ड हो जाए तब ही उसे फ्रिज से निकालें। इसके बाद सर्विंग बाउल में स्कूप कर आइस्क्रीम डालें और सभी को सर्व करें। आप चाहें तो बेहतर स्वाद के लिए इसमें ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं।