पिंपल्स और एक्ने की समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है। मौसम में बदलाव, हार्मोन्स में असंतुलन और मेकअप प्रोडक्ट्स का अधिक इस्तेमाल करने से पिंपल्स की लोगों को आए दिन प्रॉब्लम होती है। त्वचा संबंधी इन समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए अक्सर लोग केमिकलयुक्त ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, हालांकि कभी-कभी ये प्रोडक्ट्स स्किन को नुकसान पहुंचा देते हैं। ऐसे में आप घरेलू उपायों की मदद ले सकते हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह पिंपल्स और एक्ने की समस्या से निजात पाने के लिए घरेलू नुस्खा बताती नजर आ रही हैं। वीडियो में एक्ट्रेस कीचन की तीन चीजों (दालचीनी पाउडर, कच्चा शहद और नींबू का रस) से फेस मास्क बना रही हैं।
इस तरह बनाएं फेस मास्क: इस फेस मास्क को बनाने के लिए थोड़े-से दालचीनी पाउडर में एक चम्मच कच्चा शहद मिला लें। फिर इसमें नींबू की कुछ बूंदें मिला लें। अब इस मास्क को अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं। फेस मास्क को अपनी आंखों और मुंह के पास लगाने से बचें। 8-10 मिनट तक सूखाने के बाद ठंडे पानी से त्वचा को धो लें। इसके बाद सनस्क्रीन या फिर फेस क्रीम का इस्तेमाल करें। इस फेस मास्क को लगाने से आपको हल्की जलन भी महसूस हो सकती है, लेकिन अगर जलन बर्दाश्त के बाहर हो तो इसे तुरंत धो लें।
वीडियो में मलाइका अरोड़ा बता रही हैं कि इस फेस मास्क का आप हफ्ते में एक या दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए मलाइका ने लिखा, “क्या आप भी पिंपल्स की समस्या से जूझ रहे हैं? घर पर बने इस फेस मास्क के जरिए आप पिंपल्स से छुटकारा पा सकते हैं। मेरी त्वचा भी काफी नाजुक है और आए दिन मुझे पिंपल्स हो जाते हैं। किचन में मौजूद इन चीजों का इस्तेमाल करके आप एक्ने की समस्या से निजात पा सकते हैं।”
बता दें कि मलाइका अरोड़ा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अपनी फिटनेस और खूबसूरती को लेकर काफी मशहूर हैं। अक्सर उनके योग और एक्सरसाइज के वीडियो फैन्स के बीच वायरल होते रहते हैं। मलाइका का यह वीडियो भी फैन्स को काफी पसंद आ रहा है।