त्योहार आते ही बाजार में मिलावट का खेल भी शुरू हो जाता है। कोई भी त्योहार बिना मिठाइयों के अधूरा माना जाता है। लेकिन त्योहारों पर मिठाइयों के बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले खोया यानी मेवा में भी मिलावट होने लगती है। नकली खोया न केवल स्वाद में बेकार होता है बल्कि इसके सेवन से सेहत को भी नुकसान हो सकता है। इसलिए आप इस बार त्योहारों के सीजन में घर में शुद्ध मावा तैयार कर सकते हैं। यहां हम आपको इसकी रेसिपी बताने जा रहे हैं। इसके साथ ही ये भी जानेंगे कि असली और नकली खोये में पहचान कैसे की जा सकती है, आइए जानें इसके बारे में।
घर पर शुद्ध मावा बनाने का तरीका | How to make mawa at home
शुद्ध मावा बनाने के लिए सबसे पहले भैंस के फुल क्रीम दूध की जरूरत होगी। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक भारी तले वाला बर्तन लें। अब इसमें दूध उबलने के लिए रख दें। गैस को मीडियम रखें। ध्यान से इसे हर 5 मिनट में चलाते रहें। दूध गाढ़ा होने पर इसे लगातार चलाएं। धीरे-धीरे इसे पकाएं। तैयार होने पर गैस को बंद कर दें।
दानेदार खोया बनाने की विधि
त्योहार पर मिठाई बनाने के लिए दानेदार खोया बनाने के लिए दूध को उबालते समय उसमें नींबू का रस मिला दें। इससे दानेदार खोया बनाने में मदद मिलेगी। इस तरह के मावा से आप कलाकंद तैयार कर सकते हैं।
बर्फी के लिए ऐसे बनाएं बट्टी खोया
त्योहार पर अगर आप बर्फी बनाना चाहते हैं तो उसके लिए दूध को गाढ़ा होने तक धीमी आंच पर पकाएं। ऐसा तब तक करें जब तक दूध का करीब 5वां हिस्सा नहीं रह जाता है।
रसगुल्ले के लिए तैयार करें चिकना खोया
गुजिया और रसगुल्ला बनाने के लिए आप घर पर चिकना खोया भी बना सकते हैं। इसे बट्टी खोया से कम गाढ़ा किया जाता है।
असली या नकली मावा की इस तरह करें पहचान
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के अनुसार बाजार में खोया खरीदते समय सबसे पहले खोया लें और उसे अपनी उंगलियों पर रगड़कर देखें। अगर ये छूने से चिकना या दानेदार लगता है तो ये असली है। नकली होने पर छूने में ये ग्रीस जैसा लगेगा। इसमें से ग्रीस जैसी स्मेल भी आएगी।
उम्मीद है ये खबर आपको पसंद आई होगी, इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें: बालों में प्याज का रस कितनी देर लगाकर रखें – जानें असरदार समय और तरीका