Krishna Chhati 2025: भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव यानी जन्माष्टमी के छह दिन बाद कान्हा की छठी मनाई जाती है। 21 अगस्त यानी गुरुवार को यह पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन भक्त यशोदा मैया के लड्डू गोपाल को भोग लगाकर भजन-कीर्तन करके मनाते हैं। इस दिन कुछ पारंपरिक पकवान बनाकर कान्हा को भोग लगाया जाता है। इस दिन घरों में बिना-प्याज लहसुन वाला खाना बनता है। आप भी कन्हैया की छठी पर 2 चीजें घर में जरूर बनाएं। उनमें से एक है कढ़ी और दूसरा उनका प्रिय माखन-मिश्री।

लड्डू गोपाल की छठी पर कढ़ी बनाने की विधि

कढ़ी बनाने के लिए जरूरी चीजें

1 कप दही
1/2 कप बेसन
1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
1/4 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
एक चुटकी हींग
2 कप पानी
नमक स्वादानुसार

तड़का लगाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

2 बड़े चम्मच तेल
1/2 छोटा चम्मच जीरा
एक चुटकी हींग
2-3 सूखे लाल मिर्च
7 कढ़ी पत्ता

पकौड़े बनाने के लिए सामग्री

1/2 कप बेसन
1/4 छोटा चम्मच अजवाइन
नमक स्वादानुसार
पानी

कृष्ण छठी पर कढ़ी बनाने का तरीका

छठी के प्रसाद के लिए कढ़ी को थोड़ा अलग तरीके से बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले बेसन में अजवाइन डालें। फिर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। फिर तैयार बैटर से छोटे-छोटे पकौड़े बनाकर गर्म तेल में सुनहरा होने तक फ्राई करें। इसके बाद एक बर्तन में दही लें। इसमें बेसन, हल्दी, धनिया डालें। फिर जीरा, हींग और थोड़ा सा नमक मिलाएं। इसके बाद धीरे-धीरे पानी डालते हुए गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इसे आपको मीडियम आंच पर पकाना है। इस बात का ख्याल रखें कि इसे लगातार चलाते रहें। इसे तक तक पकाना है जब तक यह पककर गाढ़ी न हो जाए। इसके बाद कढ़ी में तड़का लगाने के लिए पैन में तेल गरम करें। इसमें जीरा, हींग, सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ता डालकर तड़का लगाएं। अब तड़के को कढ़ी में डाल दें। फिर पकौड़े डालकर गैस बंद कर दें। अब नमक मिलाएं।

माखन मिश्री बनाने की रेसिपी

सामग्री

1/2 कप मलाई, चुटकीभर केसर, 4-5 बड़े चम्मच मिश्री, 6-7 बर्फ के टुकड़े और 2 से 3 पुदीने की ताजी पत्तियां।

यहां से नोट करें विधि

घर में शुद्ध माखन बनाने के लिए सबसे पहले मिक्सी में आइस क्यूब्स डालें और मलाई डालकर चलाएं। ऐसा करने से थोड़ी ही देर में मक्खन बनने लगेगा। इसे निकाल लें। आप चाहें तो इसे मिक्सी की जगह हाथ से रई की मदद से भी पुराने तरीके से निकाल सकती हैं। जब मक्खन तैयार हो जाए तो इसमें आप केसर, मिश्री डालें। बाद में तुलसी की पत्तियों से सजाकर भोग लगाएं। उम्मीद है ये खबर आपको पसंद आई होगी, इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें: नाश्ते में बनाएं साबूदाना थालीपीठ, मिनटों में साफ कर देंगे बच्चे थाली, स्कूल टिफिन के लिए परफेक्ट रेसिपी