आज, 26 फरवरी को दुनियाभर में बड़ी ही धूमधाम के साथ महाशिवरात्रि (Mahashivratri 2025) का पर्व मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में इस पर्व का बेहद महत्व है। माना जाता है कि फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था, जिसके बाद से ही इस खास तिथि को महाशिवरात्रि के रूप में मनाया जाता है।

इस दिन भक्त सच्चे मन से भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करते हैं। इसके अलावा कई लोग महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ का नाम का उपवास भी रखते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं यानी अगर आपने भी महाशिवरात्रि का उपवास रखा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है।

बता दें कि महाशिवरात्रि का व्रत तीन तरह से रखा जाता है- निर्जला व्रत, फलाहार व्रत और समाप्ता व्रत।

निर्जला व्रत में लोग बिना पानी के उपवास का संकल्प लेते हैं। यानी इसे करने के दौरान वे पूरे दिन कुछ भी खाते या पीते नहीं हैं।
फलाहार व्रत में फल, सूखे मेवे, कॉफी, चाय, पानी और जूस आदि का सेवन किया जा सकता है। इस व्रत में नमक खाना वर्जित होता है।
समाप्ता व्रत में भक्त एक बार भोजन करते हैं, जिसमें तामसिक चीजें शामिल नहीं की जातीं हैं।

अब, अगर आप फलाहार या समाप्ता व्रत रख रहे हैं, यानी आप दिनभर केवल जल या फलाहार पर निर्भर रहने वाले हैं, तो जाहिर है इससे कमजोरी महसूस हो सकती है। ऐसे में आप अपने दिन की शुरुआत कुछ ऐसी चीजों के सेवन के साथ कर सकते हैं, जिससे शरीर को भरपूर ऊर्जा मिले और भूख का एहसास कम हो। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसी ही चीजों के बारे में बता रहे हैं।

महाशिवरात्रि व्रत में ऐसा रखें फलाहार

नारियल पानी

व्रत के दौरान सबसे पहले खुद को हाइड्रेटेड रखना जरूरी है। पानी की कमी से सबसे अधिक थकान या कमजोरी महसूस हो सकती है। ऐसे में अपने दिन की शुरुआत एक गिलास नारियल पानी पीकर करें। नारियल पानी इलेक्ट्रोलाइट्स (जैसे पोटैशियम, सोडियम और मैग्नीशियम) से भरपूर होता है, जो शरीर में पानी की मात्रा को संतुलित रखता है और डिहाइड्रेशन से बचाकर एनर्जी बनाए रखता है।

ये फल खाएं

आप सुबह के समय केला, सेब, अनार, पपीता और संतरे जैसे फलों का सेवन करने कर सकते हैं। इनसे शरीर को आवश्यक विटामिन और मिनरल मिलते हैं। खासकर केला खाने से आप खुद को एनर्जेटिक महसूस करते हैं, वहीं सेब और पपीता आपको बार-बार भूख के एहसास से बचाता है।

मेवे खाएं

फलों के साथ आप मुट्ठीभर मेवे खा सकते हैं। बादाम, अखरोट, काजू और किशमिश जैसे सूखे मेवे ऊर्जा प्रदान करते हैं, जिससे भी आपको दिनभर एक्टिव बने रहने में मदद मिल सकती है।

साबूदाना खीर

साबूदाना कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है। ऐसे में आप सुबह नाश्ते में साबूदाना खीर बना सकते हैं। वहीं, खीर में भी आप चीनी की जगह गुड़ डाल सकते हैं, गुड़ अधिक पौष्टिक होता है। गुड़ में प्राकृतिक शर्करा होती है, जो तुरंत एनर्जी प्रदान करती है और दिनभर एक्टिव बनाए रखती है।

शकरकंद

इन सब से अलग शकरकंद में कॉम्प्लेक्स कार्ब्स और नेचुरल शुगर होती है, जो शरीर को धीरे-धीरे ऊर्जा प्रदान करते हैं। ऐसे में व्रत के दौरान शकरकंद खाने से आपको कमजोरी और थकान का एहसास नहीं होगा और आप पूरे दिन ऊर्जावान बने रहेंगे।

उम्मीद है ये जानकारी आपको पसंद आई होगी। इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें- Happy Mahashivratri 2025 Wishes Images, Messages: महाकाल के जाप से धुल जाते हैं सारे पाप…यहां से चुनकर अपनों को भेजें महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं