फिल्मों में देखने के बाद सभी के मन में क्रूज पर जाने का ख्याल आता है। बहुत से लोगों के मन में क्रूज पर जाकर छुट्टियां मनाने का ख्याल आता है। समुद्र के बीच में पार्टी करना चाहते हैं तो आपकी यह चाहत सिर्फ ख्याल बनकर नहीं रहेगी। केरल में आपको यह सब करने को मिल जाएगा। इसका ऐलान खुद मुख्यमंत्री ने किया है।

पिनाराय विजयन की अगुवाई वाली सरकार ने कहा, मिस्र के थीम वाला लक्जरी जहाज ‘नेफर्टिटी’ जल्द ही कोच्चि से सेवा शुरू करेगा। 16.14 करोड़ रुपए की लागत का लक्जरी वातानुकूलित जहाज को केरल के सबसे शानदार जहाज के नाम से जाना जाएगा। यह पर्यटकों को क्रूज का अहसास कराएगा।

केरल सीएम ने ट्वीट कर बताया कि, इसमें एक ऑडीटोरियम, एक हॉल, एक रेस्तरां, बच्चों के लिए खेलने की जगह और एक 3 डी थिएटर होगा। यह पूरी तरह से बैठकों और समारोहों के लिए आईडियल है। इसे अपडेटेड सिक्योरिटी सिस्टम और आधुनिक संचार प्रणालियों के साथ लाया गया है।

बाढ़ की त्रासदी का सामना कर एक बार फिर केरल उठने के लिए तैयार है। देश के बड़े पर्यटन स्थल के रूप में पहचाने जाने वाला केरल इसके आने से निश्चित रूप से पर्यटन क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश करेगा।

बता दें कि हाल ही में केरल के कई जिलों में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से करीब 20 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ था। केरल की बाढ़ के कारण राज्य के तमाम जिले प्रभावित हुए थे और बाढ़ के कारण सैकड़ों लोगों की मौत भी हुई थी।