Hanuman Jayanti 2025: पवनपुत्र हनुमान के प्रति भक्तों में अटूट आस्था है। हनुमान जयंती आज देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही है। मंदिरों में भोर की पहली किरण से ही भक्तों का जमावाड़ा लग रहा है। यूं तो दिल्ली-NCR में कई हनुमान मंदिर हैं। लेकिन दिल्ली का एक मंदिर ऐसा है जहां रोजाना हजारों की संख्या में भक्त बजरंगबली के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। हम बात कर रहे हैं राजधानी के प्राचीन हनुमान मंदिर की। कनॉट प्लेस के बाबा खड्ग सिंह मार्ग पर स्थापित इस मंदिर में न केवल दिल्ली बल्कि आसपास के इलाके से ही रोजाना भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंगलवार को तो यहां इतनी भीड़ होती है कि पैर रखने तक की जगह नहीं होती है। शाम की आरती में अलग ही नजारा यहां देखने को मिलता है। मंदिर के महंत श्रीकांत शर्मा के अनुसार इस मंदिर में विराजमान हनुमान जी स्वयंभू हैं, अर्थात वह खुद ही प्रकट हुए हैं। आइए जानते हैं इसके बारे में।
महाभारत काल से जुड़ा है मंदिर का इतिहास
ऐसा बताया जाता है कि इस मंदिर का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है। ऐसी मान्यता है कि महाभारत के युद्ध में विजय प्राप्त करने के बाद पांडवों ने इस मंदिर की स्थापना की थी। मंदिर का विराट स्वरूप आंबेर के महाराजा मानसिंह प्रथम ने करवाया था। मुगल सम्राट अकबर के शासनकाल में इसका निर्माण करवाया गया था।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल है नाम
मंदिर का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में भी शामिल है। यहां 01 अगस्त 1964 से लगातार 24 घंटे श्री राम, जय राम, जय जय राम मंत्र का जाप चल रहा है। ऐसा कहा जाता है कि जो भी सच्चे मन से यहां पहुंचता है उसकी हर मनोकामना पूरी होती है।
ऐसे पहुंचे मंदिर
मंदिर पहुंचने के लिए आपको ब्लू लाईन या येलो लाइन के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन उतरना होगा। स्टेशन से मंदिर की दूरी पैदल भी पार की जा सकती है। आप चाहे तो यहां से मंदिर के लिए ई रिक्शा भी ले सकते हैं।