गर्मियों के आते ही पसीने के कारण अंडरआर्म्स से बदबू आने की समस्या शुरू हो जाती है। हालांकि, यह बदबू केवल पसीने के कारण ही नहीं खान-पान की आदत के कारण भी हो सकती हैं। कुछ लोग अंडरआर्म्स से आने वाली दुर्गंध के कारण दोस्तों के बीच हंसी का पात्र बन जाते हैं, जिसकी वजह से उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए लोग महंगे-महंगे परफ्यूम और डियोड्रेंट्स का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, उनकी खुशबू भी ज्यादा समय तक शरीर पर टिक नहीं पाती।
ऐसे में अंडरआर्म्स की इस बदबू से निजात पाने के लिए आप नेचुरल तरीका अपना सकते हैं। घरों में पाया जाने वाला नींबू इस समस्या से छुटकारा दिलाने में बेहद ही कारगर है। नींबू का इस्तेमाल त्वचा को निखारने और बालों को स्वस्थ बनाने के लिए किया जाता है। नींबू में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो अंडरआर्म्स से आने वाली इस पसीने की बदबू को रोकते हैं।
नींबू में मौजूद पोषक तत्व: नींबू में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण होते हैं, जो त्वचा संबंधी बीमारी को होने से रोकते हैं। इसके अलावा विटामिन-सी त्वचा की रंगत निखारने में मदद करती है। नींबू की खुशबू पसीने की बदबू को कम कर देती है। ऐसे में अंडरआर्म्स की बदबू से निजात पाने के लिए आप नींबू का उपयोग कर सकते हैं।
इस तरह करें नींबू का इस्तेमाल:
नींबू और बेकिंग सोडा: आधे चम्मच नींबू के रस को आधा चम्मच गुलाब जल में मिला लें। फिर इसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा मिला लें। इस मिश्रण को अपने अंडरआर्म्स में लगाएं और फिर कुछ समय तक सूखने दें। बाद में ठंडे पानी से धो लें। यह उपाय नियमित तौर पर करने से अंडरआर्म्स की बदबू समेत कालेपन से भी छुटकारा पाया जा सकता है।
नींबू के पानी से नहाएं: इसके लिए नींबू का रस निकालकर उसके छिलकों को उबाल लें। छिलकों को इस तरह उबालें की वह नरम हो जाएं। नहाते समय नींबू के रस को पानी में मिला लें और छिलकों को अंडरआर्म्स पर साबुन की तरह लगाएं। यह उपाय रोजाना करने से बदबू आने की समस्या धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी।
नींबू और कॉर्न स्टार्च: इसके लिए एक चम्मच कॉर्न स्टार्च और आधे चम्मच नींबू के रस को मिला लें। फिर इस मिश्रण को 20 से 25 मिनट के लिए अपने अंडरआर्म्स में लगाएं। बाद में ठंडे पानी से साफ कर लें।
