फल हमारी डाइट का अहम हिस्सा है। लो कैलोरी फलों का सेवन पाचन को दुरुस्त करता है और वजन भी कंट्रोल करता है। हर मौसम में अगल-अलग तरह के फल पाए जाते हैं। लोकाट गर्मी में पाया जाने वाला एक ऐसा विदेशी फल है जिसका सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। लोकाट चीन में पाया जाने वाला फल है जिसे जापान,स्पेन के साथ-साथ भारत में भी उगाया जाता है। इस फल का स्वाद खट्टा-मीठा होता है और इसमें अनगिनत पोषक तत्व मौजूद होते हैं। फाइबर से भरपूर ये फल पाचन को दुरुस्त करता है और दिल की सेहत भी दुरुस्त करता है। इसका सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है।
लोकाट पीले रंग का फल है जो देखने में बेहद खूबसूरत होता है। इस फल में विटामिन बी, सी, ए, राइबोफ्लेविन, कॉपर, आयरन, मैंगनीज, जिंक,कैल्शियम और फास्फोरस जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। लोकाट में कैलोरी की मात्रा बहुत ही कम पाई जाती है जो वजन को कंट्रोल करने में भी असरदार है। ओमेगा 3 फैटी एसिड और ओमेगा 6 फैटी एसिड से भरपूर इस फल का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। हेल्थलाइन की खबर के मुताबिक इस फल का सेवन करने से बॉडी को कई फायदे होते हैं। आइए जानते हैं कि लोकाट फल कैसे कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करता है और पाचन में सुधार करता है।
दिल की सेहत को रखता है दुरुस्त:
लोकाट में मौजूद फेनोलिक यौगिक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटी इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर है। एक्सपर्ट के मुताबिक फेनोलिक यौगिक का ये गुण मुक्त कणों से दिल को होने वाले नुकसान से बचाता है। इसका सेवन करने से दिल की कोशिकाओं में आने वाली सूजन दूर होती है। National Center for Biotechnology Information की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिसर्च के अनुसार लोकाट की पत्तियों में कार्डियो प्रोटेक्टिव प्रभाव होता। अगर इस फल के साथ ही इसकी पत्तियों का भी सेवन किया जाए तो सेहत को फायदा पहुंचता है।
कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करता है लोकाट:
लोकाट में फाइबर, विटामिन बी6, कैल्शियम और मैग्नीशियम मौजूद होता है जो नसों में जमा कोलेस्ट्रॉल को साफ करता है। यह हाई कोलेस्ट्रॉल् को कंट्रोल करता है। इसका सेवन करने से तनाव कम होता है।
सूजन कम करने में असरदार है लोकाट:
लोकाट का सेवन सूजन को कंट्रोल करने में भी असरदार साबित होता है। इसमें फेनोलिक यौगिक भरपूर मौजूद होते हैं जो एंटी इंफ्लेमेटरी इफेक्ट दिखाता है। एंटी इंफ्लेमेटरी गुण सूजन को कम करने में मदद करते हैं।
लोकाट खाएं डाइजेशन रहेगा दुरुस्त:
लोकाट फल का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। कई रिसर्च में ये बात सामने आई है कि लोकाट फल इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग करता है और पाचन में सुधार करता है।
लोकाट फल का सेवन कैसे करें:
- मध्यम आकार के लोकाट का सेवन वॉश करके करें। खट्टा-मीठा लोकाट खाने में मजेदार लगता है।
- इसकी पत्तियों को वॉश करके आप उसका काढ़ा बनाकर सेवन कर सकते हैं। इसका काढ़ा बनाने के लिए फूल और पत्तियों दोनों का सेवन करें।
- लोकाट फल का उपयोग जैम बनाने के लिए भी किया जा सकता है।