हिन्दू धर्म में करवा चौथ के व्रत का बेहद महत्व है। हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को करवा चौथ का व्रत रखा जाता है। इस साल ये खास तिथि कल 20 अक्टूबर (Karwa Chauth 2024 Date) को पड़ रही है यानी कल रविवार को करवा चौथ का व्रत रखा जाएगा। ऐसे में व्रत को लेकर महिलाओं ने तमाम तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाजारों में भी करवा चौथ की रौनक देखने को मिल रही है।
गौरतलब है कि करवा चौथ के मौके पर महिलाएं जमकर शॉपिंग करती हैं। इसके साथ ही इस खास मौके पर मेहंदी लगाने की भी परंपरा है। सुहागिन महिलाएं करवा चौथ पर 16 श्रृंगार करती हैं और इन श्रृंगार में मेहंदी भी शामिल है। अब, इसके लिए ज्यादातर महिलाएं बाजार जाकर हाथों में मेहंदी लगवाना पसंद करती हैं। हालांकि, भीड़ के चलते उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। इतना ही नहीं, अगर मेहंदी लग भी जाए तो भीड़-भाड़ वाली जगह से बिना मेहंदी खराब किए बाहार निकल पाना बेहद मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर इस साल आप इस भीड़ से बचना चाहती हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है।
यहां हम आपको एक ऐसी कमाल की ट्रिक बता रहे हैं, जिसे अपनाकर आप खुद ही घर पर अपने हाथों में प्रोफेशनल मेहंदी लगा सकती हैं। अधिक कमाल की बात यह है कि इसके लिए आपको केवल 5 मिनट का समय लगने वाला है।
क्या है ये खास ट्रिक?
दरअसल, इन दिनों मेहंदी लगाने के काम को आसान बनाने के लिए हिना स्टिकर्स आने लगे हैं। ये दरअसल, पेपर के स्टिकर होते हैं, जिनपर पहले से ही मेहंदी के डिजाइन बने होते हैं। कमाल की बात यह है इनमें हाथ, उंगली, कलाई से लेकर पैरों के लिए भी अलग-अलग डिजाइन्स मिल जाते हैं और ये डिजाइन्स एकदम प्रोफेशनल होते हैं। आप चाहें तो इस बार इन स्टिकर्स की मदद से हाथों पर मेहंदी लगा सकती हैं।
कहां मिलते हैं हिना स्टिकर्स और कितना होता है दाम?
हिना स्टिकर्स अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स वेबसाइट पर बेहद आसानी से मिल जाएंगे। आपको इन साइट पर जाकर ‘मेहंदी स्टिकर या हिना स्टिकर’ सर्च करना होगा। इसके अलावा इन दिनों बाजारों में भी ये स्टिकर्स मिलने लगे हैं। ऐसे में आप अपने आसपास की मार्किट में भी इन्हें खोज सकते हैं। इनमें आपको करवा चौथ के स्पेशल डिजाइन भी मिल जाएंगे। वहीं, बात दाम की करें तो आपको अलग-अलग डिजाइन वाले स्टिकर्स 150 रुपये से लेकर 300 रुपये तक में आसानी से मिल जाएंगे।
हिना स्टिकर्स से कैसे लगाएं हाथों में मेहंदी?
हिना स्टिकर्स दो तरह के आते हैं। अगर आपको मेहंदी लगाने के बाद हाथों में खुजली या एलर्जी की परेशानी बढ़ जाती है, तो आप नकली हिना वाले स्टिकर्स खरीद सकते हैं। ये स्टिकर्स टैटू जैसे होते हैं, लेकिन दिखने में एकदम असली मेहंदी जैसे ही लगते हैं।
इन्हें लगाने के लिए आपको केवल स्टिकर्स को हाथों पर चिपकाना होता है, इसके बाद स्टिकर के ऊपर हल्का पानी लगाना होता है और इतना करते ही स्टिकर पर मौजूद डिजाइन आपके हाथों में चिपक जाता है।
वहीं, दूसरे स्टिकर के लिए आपको असली हिना की जरूरत होती है। ये स्टिकर्स मेहंदी डिजाइन की शेप में कटे होते हैं। आपको इन्हें हाथों पर चिपकाकर कटिंग के अंदर असली हिना भरनी होती है। इसके बाद जब मेहंदी सूख जाती है, तो आप इन स्टिकर को हटा सकते हैं। इससे आपके हाथों पर बेहद खूबसूरत मेहंदी डिजाइन बनकर तैयार हो जाता है और इस तरह आप केवल 5 मिनट में घर पर अपने हाथों पर खूबसूरत मेहंदी लगा सकते हैं।