Jawaharlal Nehru Children’s Day Quotes: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष लगाव था। बच्चे भी उन्हें बहुत मान-सम्मान देते थे और प्यार से चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। भारत में हर साल 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है। 14 नवंबर(1889) को ही नेहरू जी का जन्म हुआ था। नेहरू जी बच्चों को देश के उज्जवल भविष्य का कर्णधार मानते थे। नेहरू कहते थे कि बच्चे देश का भविष्य हैं। इसलिए यह जरूरी है कि उन्हें प्यार दिया जाए और उनकी देखभाल की जाए जिससे वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। और जब ये बच्चे अपने पैरों पर खड़ा हो जाएंगे तो देश की प्रगति को कोई भी नहीं रोक पाएगा।
बाल दिवस के मौके पर देश भर के स्कूलों में तरह-तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इन कार्यक्रमों में बच्चे बड़ी ही उत्सुकता से भाग लेते हैं और अपनी अलग-अलग प्रतिभाओं का प्रदर्शन करते हैं। साथ ही देश के कई शहरों में मेला भी लगता है। इस प्रकार से बाल दिवस का दिन पूरी तरह से बच्चों की मौज-मस्ती के लिए होता है। मालूम हो कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की गिनती दुनिया के विद्वान लोगों में की जाती है। नेहरू जी के विचार आज भी देश के बच्चों और युवाओं में जोश भरने वाले हैं। आज बाल दिवस के मौके पर हम आपके लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू के कुछ उच्च विचार लेकर आए हैं।