Janmashtami Special Bhog Dhaniya Panjiri: पूरे देश में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस दिन लोग मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। कई लोग इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को तरह-तरह के व्यंजन और विशेष प्रसाद (Janmashtami special food) का भोग लगाते हैं।
वहीं, इस खास अवसर पर धनिया पंजीरी का प्रसाद बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन लोग अपने घरों में पंजीरी बनाकर लड्डू गोपाल को भोग लगाते हैं। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण को पंजीरी अत्यंत प्रिय है। ऐसा माना जाता है कि जन्माष्टमी पर इसका भोग लगाने से घर में सुख-समृद्धि आती है।
धनिया पंजीरी बनाने की सामग्री
1 कप धनिया पाउडर
आधा कप देसी घी
1 कप पिसी हुई शक्कर
1 कप मखाने
10-12 काजू, बादाम, किशमिश
2 बड़े चम्मच नारियल बुरादा
आधा चम्मच इलायची पाउडर
कैसे बनाएं धनिया पंजीरी?
स्टेप-1:
सबसे पहले एक कढ़ाही गरम करें और उसमें थोड़ा घी डालें। अब मखानों को हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। फिर काजू, बादाम और किशमिश को भी हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
स्टेप-2:
अब उसी कढ़ाही में बचा हुआ घी डालें और धीमी आंच पर धनिया पाउडर को भूनें। कुछ देर बाद इसमें से सुगंध आने लगेगी और रंग बदल जाएगा। इसे हल्का ठंडा होने दें। अब इसमें पिसी हुई शक्कर, भूने हुए मखाने और मेवे डालें। साथ ही इलायची पाउडर और नारियल बुरादा मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। इस तरह पंजीरी तैयार है। आप इसके ऊपर तुलसी का पत्ता रख सकते हैं। फिर इसे भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाकर प्रसाद रूप में स्वयं भी ग्रहण कर सकते हैं।
धनिया पंजीरी खाने के फायदे
- इसमें मौजूद धनिया पाचन तंत्र को मजबूत करता है।
- सूखे मेवे शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं।
- जन्माष्टमी पर उपवास करने वालों के लिए यह हल्की और पौष्टिक डिश मानी जाती है।
- भगवान को भोग लगाने के बाद इसे पूरे परिवार में बांटना चाहिए।