Krishna Janmashtami Bhog Thali: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दिन भक्त उपवास रखते हैं और मंदिर जाकर भजन-कीर्तन करते हैं। मध्यरात्रि के समय भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को बड़े उत्साह से मनाया जाता है। इस अवसर पर लड्डू गोपाल को कई प्रकार के भोग भी लगाए जाते हैं।

मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण को मीठा और दूध से बने व्यंजन अत्यंत प्रिय हैं। इसलिए इस दिन पंचामृत, माखन-मिश्री, पंजीरी और अनेक पकवानों से भोग लगाया जाता है। आप पूजा की थाली में इन 5 व्यंजनों से लड्डू गोपाल को भोग लगा सकते हैं।

जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को लगाएं भोग

माखन-मिश्री

भगवान श्रीकृष्ण को माखन सबसे अधिक प्रिय है। मान्यता है कि वे बचपन में माखन चुराकर खाते थे, इसी कारण उन्हें माखनचोर भी कहा जाता है। इसलिए आप इस जन्माष्टमी पर लड्डू गोपाल को माखन और मिश्री का भोग लगा सकते हैं।

धनिया पंजीरी

जन्माष्टमी पर धनिया पंजीरी का विशेष महत्व है। इस दिन कई लोग उपवास रखते हैं और भोग लगाने के बाद इसे ग्रहण करते हैं। यह धनिया पाउडर, घी, शक्कर और मेवों से तैयार की जाती है।

पंचामृत

पंचामृत को पवित्र और शुभ माना जाता है। यह दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से तैयार किया जाता है। जन्माष्टमी पर इसे प्रसाद के रूप में अवश्य बनाया जाता है। इससे भगवान का अभिषेक भी किया जाता है। इसे आसानी से घर पर तैयार किया जा सकता है।

पूजा की थाली में ये भी रखें

  • लड्डू गोपाल को सूखे मेवों और मिठाई का भी भोग लगाया जा सकता है। इसमें ड्राई फ्रूट्स, लड्डू, पेड़ा और बर्फी भी शामिल कर सकते हैं।
  • लड्डू गोपाल को मौसमी फल, नारियल और केले भी अर्पित किए जाते हैं। इसलिए इन्हें भी पूजा की थाली में रखा जा सकता है।