Janmashtami 2025 Special Bhog Recipes: श्री कृष्ण जन्माष्टमी 16 अगस्त 2025 यानी शुक्रवार को मनाई जाएगी। ऐसे में मंदिरों से लेकर घरों में इसकी तैयारियां चल रही हैं। मंदिरों को सजाया जा रहा है। कान्हा के बाल रूप के लिए तरह-तरह के पोशाक तैयार किए जा रहे हैं। घरों में महिलाओं ने जन्माष्टमी पर भोग लगाने के लिए पकवानों की लिस्ट बनानी शुरू कर दी है। यहां हम आपके लिए 5 स्वादिष्ट पकवानों की बेहद आसान रेसिपी लेकर आए हैं।
खसखस की पंजीरी
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
150 ग्राम सूजी, 1/2 कटोरी खसखस, बूरा 50 ग्राम, 200 ग्राम शकर बूरा, घी 150 ग्राम, बादाम 50 ग्राम, काजू 50 ग्राम, मखाने 50 ग्राम, पाव कटोरी गोंद।
विधि
खसखस की पंजीरी बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में घी गर्म करें। इसके सभी मेवाओं को इसमें डालकर तलें। जब ये ठंडे हो जाएं तो इन्हें मिक्सी में बारीक पीस लें। इसके बाद कढ़ाई में घी डालें। उसमें सूजी डालकर धीमी आंच पर भूनें। इसके बाद इसमें बूरा और खसखस मिक्स करें। बाद में बारीक कूटे मेवे डाल दें। पंजीरी तैयार है।
पंचामृत
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
250 मिली गाय का दूध (ताजा), 2 टेबल चम्मच मिश्री पिसी हुई, 1 चम्मच शहद, 1 चम्मच देशी घी, 2 चम्मच ताजा दही, 4-5 तुलसी के पत्ते।
विधि
पंचामृत बनाने के लिए सबसे पहले दूध, दही, घी, शहद, शकर की जरूरत होगी। भोग बनाने के लिए सबसे पहले गाय के ताजे दूध में पिसी मिश्री डालें। फिर शहद, दही एवं घी मिक्स करें। सभी चीजों को अच्छी तरह फेंट लें। लास्ट में तुलसी के पत्ते मिलाएं। आपका पंचामृत तैयार है।
बेसन पंजीरी
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
100 ग्राम बेसन (चना आटा),बूरा 150 ग्राम, मेवा 100 ग्राम, पाव कटोरी खसखस, चारोली 50 ग्राम, गोंद 25 ग्राम, घी 200 ग्राम, पिसी इलायची पाव चम्मच।
विधि
बेसन पंजीरी बनाने के लिए सबसे पहले घी को गर्म करें। फिर इसमें गोंद डालकर तल लें। गरम घी में बेसन डालकर हल्का भून लें। इसे ठंडा होने दें। फिर इसमें बूरा, खसखस, चारोली, तली गोंद व इलायची पाउडर डालें। सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। फिर मेवा डालें।
मावा मिश्री की मिठाई
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
2 लीटर दूध, 350 ग्राम शकर, बादाम, काजू, पिस्ता कतरन पाव कटोरी, आधा चम्मच इलायची पावडर।
विधि
मावा मिश्री की मिठाई बनाने के लिए सबसे पहले दूध को एक मोटे तल वाले बर्तन में गाढ़ा होने तक उबालें। फिर इसमें चीनी डालें। गाढ़ा होने दें। फिर इलायची व मेवा की कतरन डालें। दूध को ठंडा करके ट्रे या किसी थाली में डालें। ठंडा होने पर इसे मनपसंद शेप में काट लें।
राजगिरे की शाही पंजीरी
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
100 ग्राम राजगिरे का आटा, 150 ग्राम बूरा, 50 ग्राम किशमिश, 100 ग्राम सभी प्रकार के मेवों की कतरन, आधा चम्मच पिसी इलायची, पाव कटोरी तला व बारीक कूटा हुआ गोंद, किशमिश, 150 ग्राम घी।
विधि
जन्माष्टमी पर आप कान्हाजी को राजगिरे की शाही पंजीरी का भोग लगा सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले घी में राजगिरे का आटा डालकर धीमी आंच पर भून लें। इसे ठंडा होने पर बूरा और इलायची पाउडर मिलाएं। फिर इसमें गोंद, मेवा की कतरन और किशमिश मिक्स करें। राजगिरे की शाही पंजीरी तैयार है।
उम्मीद है ये खबर आपको पसंद आई होगी, इससे अलग यहां क्लिक कर पढ़ें: गीता उपदेश : जब जीवन में सब कुछ थम जाए, तब याद रखें भगवान श्रीकृष्ण की ये 10 बातें