फ्रेंडशिप-डे या अंतरराष्ट्रीय मित्रता दिवस (Friendship Day 2022) इस साल 31 जुलाई को पड़ रहा है। जैसे मदर्स-डे, फादर्स-डे या टीचर्स डे मनाया जाता है, वैसे ही एक दिन दोस्तों के लिए मनाया जाता है, जिसे फ्रेंडशिप डे कहा जाता है। कहते हैं कि बुरे वक्त में अच्छे दोस्त ही काम आते हैं। इसलिए एक खास दिन दोस्ती को समर्पित है। ये दिन दोस्तों के लिए खास होता है, खासकर युवाओं में फ्रेंडशिप-डे का काफी उत्साह रहता है। फ्रेंडशिप डे पर लोग अपने दोस्तों को गिफ्ट्स, कार्ड्स या उनकी फेवरेट चीजें गिफ्ट करते हैं।

सभी लोग इस दिन को बहुत अच्छे से मनाते हैं, लेकिन कम ही लोगों को पता है कि इस दिन को क्यों मनाया जाता है। हम आपको बताते हैं कि फ्रेंडशिप डे की शुरुआत 30 जुलाई, 1958 को विश्व मैत्री धर्मयुद्ध (अंतरराष्ट्रीय नागरिक संगठन) द्वारा प्रस्तावित किया गया था। दोस्ती के महत्व को बताने के लिए इस दिन को मनाने की शुरुआत की गई थी। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे साल 2011 से मनाया जाने लगा।

भारत समेत अन्य कुछ देशों में फ्रेंडशिप-डे अगस्त के पहले रविवार को मनाया जाता है, लेकिन कुछ देशों में इसे अलग-अलग दिन भी मनाया जाता है। अमेरिका में साल 1935 में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, सदमे में आकर उसके दोस्त ने भी आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन वहां पर फ्रेंडशिप डे मनाया जाता है। मेक्सिको, वेनेजुएला, एस्टोनिया और इक्वाडोर में फ्रेंडशिप-डे 14 जुलाई को मनाया जाता है। पाकिस्तान में 19 जुलाई को मनाया जाता है। अर्जेंटीना, ब्राजील, स्पेन और उरुग्वे में इस दिन को 20 जुलाई को मनाया जाता है। इसके अलावा, बोलीविया में 23 जुलाई और फिनलैंड में 30 जुलाई को ये खास दिन मनाया जाता है।

दोस्त को भेज सकते हैं ये गिफ्ट

इस दिन अपने दोस्त को स्पेशल महसूस कराने के लिए आप खास तोहफे दे सकते हैं। लड़के और लड़कियों की पसंद जरा अलग होती है, इसलिए उनके लिए गिफ्ट भी अलग ही लिए जाते हैं। अगर आप किसी लड़की को गिफ्ट देना चाहते हैं तो आप वॉलेट, फूल, चॉकलेट, कोई ड्रेस आदि गिफ्ट कर सकते हैं। अगर आपका दोस्त लड़का है तो आप बेल्ट, वॉलेट, शर्ट आदि दे सकते हैं। हालांकि दोस्ती में गिफ्ट की खास जरूरत नहीं होती, आपका साथ ही उनके लिए सबसे जरूरी होता है। लेकिन दोस्त को और भी स्पेशल महसूस कराने के लिए आप ये गिफ्ट दे सकते हैं।