खुली, शांत, साफ हवा वाली जगह और खूबसूरत फोटोज खिंचवाने के लिए अधिकतर लोग हिल स्टेशनों की तलाश में रहते हैं। हालांकि, अगर आप भी किसी ऐसी ही जगह की तलाश में हैं लेकिन दूर हिल स्टेशन जाने के लिए आपके पास समय की कमी है, तो आप दिल्ली की ओर रुख कर सकते हैं। बेशक दिल्ली अपने शोर-शराबे के लिए मशहूर है लेकिन यहां कुछ ऐसी खूबसूरत जगह भी हैं जिन्हें दिल्ली का हिडन जेम कहा जाता है। यहां हम आपको कुछ ऐसी ही जगहों के बारे में बता रहे हैं, जहां खासकर सुबह और शाम के समय आप सुकून भरे पल बिता सकते हैं, साथ ही खूबसूरत फोटोज भी खिंचवा सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में-
दक्षिणी रिज फॉरेस्ट
लिस्ट में पहला नाम आता है दक्षिणी रिज फॉरेस्ट का। ये दिल्ली के सरदार पटेल मार्ग पर स्थित है और करीब 6,200 हेक्टेयर में फैला हुआ है। यहां का शांत और खूबसूरत नजारा किसी का भी मन मोह लेने के लिए काफी है। आप सुबह-सुबह इस जगह की सैर कर सकते हैं। यहां आपको 80 से ज्यादा प्रजातियों की तितलियों के साथ-साथ 193 प्रजाती के पक्षी भी देखने को मिल जाएंगे।
संजय वन
संजय वन दिल्ली के सबसे खूबसूरत जंगलों में से एक है। यहां भी आप सुबह-सुबह पहुंचकर खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकते हैं और एक से बढ़कर एक फोटोज खिंचवा सकते हैं। इतना ही नहीं, यहां आप ट्रैकिंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
जहांपनाह फॉरेस्ट
दिल्ली का जहांपनाह फॉरेस्ट अपनी खूबसूरती के लिए मशहूर है। यहां सुबह और शाम के समय अक्सर लोग सैर के लिए आते हैं। ऐसे में अगर आप किसी शांत जगह की तलाश में हैं, तो इस जगह का रुख कर सकते हैं। अधिक कमाल की बात यह है कि जून-जुलाई के महीन में भी इस जंगल में ठंडी हवा चलती है।
उत्तरी रिज, नॉर्थ कैंपस
इन सब से अलग खूबसूरत फोटोज के लिए आप उत्तरी रिज, नॉर्थ कैंपस का रुख कर सकते हैं। यहां आपको पहाड़, तालाब के साथ-साथ कई खूबसूरत पेड़-पौधे देखने को मिल जाएंगे।