दिल हमारी बॉडी का अहम हिस्सा है, जिसका धड़कना हमारे जिंदा रहने का सबूत है। दिल का ख्याल अगर दिल से नहीं रखा जाए तो इसकी सेहत बिगड़ भी सकती है। दिल को सेहतमंद रखने के लिए डाइट का ध्यान रखना जरूरी है। जिन लोगों को दिल का पहले से रोग है ऐसे लोग अपने दिल को हेल्दी रखने के लिए ऐसे कुकिंग ऑयल का इस्तेमाल करें जो उनके हार्ट को हेल्दी रखें। हेल्थ एक्सपर्ट अक्सर हार्ट के मरीजों को अधिक मात्रा में कुकिंग ऑयल का सेवन करने के लिए मना करते हैं, खासतौर पर जो लोग दिल के मरीज है वो कुकिंग ऑयल का इस्तेमाल सोच-समझ कर करें।
तेल हमारे खाने का स्वाद बढ़ाता है। तेल के बिना खाने का स्वाद अधूरा है, लेकिन ये भी सच है कि तेल का अधिक सेवन हमें गंभीर बीमारियों का शिकार भी बनाता है। तेल का अधिक सेवन करने से ना सिर्फ कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है बल्कि दिल के रोगों का खतरा भी कई गुणा बढ़ जाता है। तेल में मौजूद फैट हार्ट और लीवर की बीमारियों का खतरा पैदा करते हैं।
दिल के मरीज खाने में तेल का सेवन बेहद सोच विचार कर करें। डाइट में ऐसे तेलों का सेवन करें जो दिल को हेल्दी रखें साथ ही आपको बीमारियों से भी बचाएं। आइए जानते हैं दिल को सेहतमंद रखने के लिए कौन से तेल का सेवन करना फायदेमंद होगा।
सरसों का तेल: सरसो का तेल ना सिर्फ दिल की सेहत का ध्यान रखता है बल्कि स्किन, जोड़ों और शरीर के अन्य हिस्सों को भी फायदा पहुंचाता है। इस तेल में मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसेचुरेटेड फैटी एसिड और ओमेगा -3 और ओमेगा -6 फैटी एसिड प्रचुर मात्रा में होता है। माना जाता है कि सरसों का तेल पाचन को भी दुरुस्त करता है, साथ ही भूख में सुधार करता है।
मूंगफली के तेल का करें सेवन: कुकिंग ऑयल में मूंगफली का तेल दिल के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इस तेल में विटामिन ई और मोनोअनसैचुरेटेड वसा और पॉलीअनसेचुरेटेड वसा भरपूर होती है। विटामिन ई से भरपूर ये तेल दिल के लिए बेस्ट है। ये तेल खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है।
जैतून का तेल: जैतून का तेल सबसे लोकप्रिय खाना पकाने के तेलों में से एक है। यह पॉलीफेनोल्स नामक प्लांट बेस यौगिकों से भरा हुआ है जो दिल के रोगों का जोखिम कम करता है। जैतून के तेल में स्वस्थ वसा भी होती है जो कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकती है।
अलसी का तेल: अलसी का तेल दिल के मरीजों के लिए बेहद अच्छा माना जाता है। एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर यह तेल कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करता है और दिल की सेहत को दुरुस्त रखता है।
नारियल का तेल: नारियल का तेल दिल को दुरूस्त रखने में बेहद मददगार है। इसमें फैटी एसिड की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे कारण आपका कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है। जिन लोगों का कोलेस्ट्रोल हाई रहता है वो इसका सेवन करने से बचें।