अपने लक्ष्यों, जैसे नया व्यापार शुरू करना हो, कोई किताब लिखनी हो या किसी परीक्षा की तैयारी करनी हो, को प्राप्त करने के लिए अकसर हमें सुबह जल्दी उठने की सलाह दी जाती है। सुबह जल्दी उठने के फायदे जानते हुए भी लाभ कोशिश के बावजूद बहुत सारे लोग ऐसा कर नहीं पाते हैं। वे जब भी योजना बनाते हैं तो उनके सामने कई प्रकार की बाधा खड़ी हो जाती हैं। इन्हीं बाधाओं को दूर करने के लिए हम आज आपको कुछ उपाय बता रहे हैं जिनका उपयोग कर आप सुबह जल्दी उठा पाएंगे।
अपनी मानसिकता बदलें : अधिकतर लोग रात को जल्दी नहीं सोते हैं क्योंकि वह उस दिन अधिक से अधिक काम कर लेना चाहते हैं। इसका असर अगले दिन सुबह उठने पर पड़ा है। अगर हम अपनी सोच में थोड़ा बदलाव करें तो इस समस्या से निजात पा सकते हैं। हम अपने दिन की शुरुआत सुबह की जगह रात से माननी होगी। इससे होगा यह कि आप अगले दिन की तैयारी के लिए रात से ही शुुरुआत कर देंगे और जल्द सो जाएंगे।
अपने सोने के समय में बदलाव करें : हममें से अधिकतर कम घंटे ही सो पाते हैं और सुबह देर से उठने की एक बड़ी वजह भी यही है। इसके लिए हमें सबसे पहले इस बात का पता करना होगा कि हमारे शरीर को कितने घंटे की नींद की आवश्यकता है। उसी हिसाब से हमें अपने सोने के समय में बदलाव करना होगा ताकि आप निर्धारित घंटे सोने के बाद भी सुबह जल्दी उठ जाएं।
रात के खाने के समय में भी बदलाव जरूरी : सोने के साथ रात के खोने के समय में भी बदलाव जरूरी है। आमतौर पर सोने से दो से तीन घंटे पहले खाना खा लेना चाहिए। यह अच्छी नींद के लिए भी आवश्यक है। अगर आपको पेट की वजह से अच्छी नींद नहीं आई तो सुबह जल्द उठने का सपना, सपना ही रह जाएगा।
सुबह की गतिविधियों को पहले से तय करना : कई बार हम रात में सोचकर सोते हैं कि सुबह जल्दी उठेंगे लेकिन सुबह उठते ही दिमाग में आता है कि उठकर क्या करेंगे और फिर से सो जाते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए सबसे पहले तो आप रात में ही तय करके सोएं कि सुबह उठकर क्या-क्या करना है। आप सुबह के लिए तय की गई गतिविधियों को एक नोट में लिखकर अपने बिस्तर के पास रखें। सुबह उठकर सबसे पहले उसी नोट को पढ़ें और उसी के मुताबिक कार्य करें।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बंद करें : रात को सोने से डेढ़ घंटे मोबाइल सहित अपने सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट बंद कर दें। बिस्तर पर जाने तक अगर आप सोशल मीडिया पर रहते हैं तो इसका असर आपकी नींद पर पड़ेगा। नींद सही नहीं आई तो उसे उठने में दिक्कत होगी। इसलिए ईमेल, सोशल मीडिया पोस्ट आदि का कार्य सोने से करीब डेढ़ घंटे पहले ही खत्म कर देना चाहिए। इसकी जगह आप मधुर संगीत सुन सकते हैं। कोई किताब पढ़ सकते हैं या अगले दिन के खाने की तैयार भी कर सकते हैं। इससे आपको अच्छी नींद आएगी।
