What to do on baby’s first Lohri: सिख समुदाय का प्रमुख त्योहार लोहड़ी हर साल मकर संक्रांति (Makar Sankranti) के एक दिन पहले मनाया जाता है। इस बार यह पर्व 13 जनवरी यानी मंगलवार को मनाया जाएगा। देशभर में लोहड़ी धूमधाम से सेलिब्रेट की जाती है। खासतौर पर पंजाब और हरियाणा में इसकी रोनक देखने को मिलती है। अच्छी फसल होने और काटने के बाद होने वाली आमदनी को खुशी के रूप में इस दिन मनाया जाता है। इस दिन आग जलाकर उसके चारों तरफ भांगड़ा करते हैं। इसके साथ ही आग में तिल, गजक, गुड़ आदि डालते हैं।

शादी के बाद की पहली लोहड़ी और घर में किसी बच्चे की पहली लोहड़ी होने पर यह त्योहार और भी खास बन जाता है। परिवार में आने वाले नवजात शिशु के लिए भी लोहड़ी का त्योहार काफी अहम माना जाता है। यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि बच्चे के स्वागत, सेहत और खुशहाल भविष्य की कामना का दिन माना जाता है। अगर आपके परिवार में भी किसी बच्चे की यह पहली लोहड़ी है तो कुछ छोटी-छोटी तैयारियां करके आप इस दिन को यादगार बना सकते हैं।

बच्चे की पहली लोहड़ी के दिन क्या किया जाता है?

बच्चे की पहली लोहड़ी होने पर माता-पिता बच्चे को गोद में लेकर आग की 3 या 5 परिक्रमा कराते हैं। इसके साथ ही उसके अच्छे स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। बच्चे को गोद में लेकर आग में तिल, मूंगफली, रेवड़ी, पॉपकॉर्न, गुड़,गजक डाला जाता है। बच्चे को गोद में लेकर परिवार के बड़े सदस्य ये चीजें अग्नि में अर्पित करते हैं। साथ ही बच्चे के टीका लगाकर उसे आशीर्वाद देते हैं।

बच्चे की पहली लोहड़ी कैसे मनाएं?

लोहड़ी की शाम घर में या छत/आंगन में छोटी सी आग जलाएं। इसके बाद अग्नि के चारों ओर परिवार के लोग इकट्ठा करें। फिर तिल, मूंगफली, रेवड़ी, पॉपकॉर्न अग्नि में अर्पित करें।

लोहड़ी पर बच्चे को क्या पहनाएं?

लोहड़ी के खास मौके पर बच्चे को ट्रेडिशनल कपड़े पहनाएं। लड़कों को कुर्ता-पायजामा, पगड़ी पहनाएं। लड़कियों को लहंगा, फ्रॉक या सलवार सूट पहनाएं।

लोहड़ी पर बच्चे को क्या उपहार दें?

बच्चे की अगर पहली लोहड़ी है तो परिवार के सदस्यों को उसे उपहार देना चाहिए। आप बच्चे को चांदी का कड़ा या चम्मच दे सकते हैं। इसके अलावा नए कपड़े, खिलौने, सेविंग बॉन्ड या छोटा सा गिफ्ट बॉक्स दे सकते हैं।

लोहड़ी पर करवाएं फोटोशूट

आप बच्चे की पहली लोहड़ी को यादगार बनाने के लिए ट्रेडिशनल थीम पर फोटोशूट करवा सकते हैं। इसके लिए आप लोहड़ी प्रॉप्स जैसे ढोल, मूंगफली, आग की सजावट का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस दौरान फैमिली फोटो जरूर क्लिक कराएं।