Ice for Face: चेहरे को चमकदार और मुलायम बनाने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय फॉलो करते हैं। ऐसे में आज के समय चेहरे पर बर्फ लगाने का ट्रेंड काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, कई लोग दावा कर रहे हैं कि बर्फ लगाने से चेहरे की सूजन कम होती है। लोग ये भी दावा कर रहे हैं कि इसके उपयोग से मुंहासे ठीक होते हैं और त्वचा पर निखार भी आता है।
मालूम हो कि वर्षों से बर्फ का उपयोग चोटों और सूजन को कम करने के लिए किया जाता रहा है। हालांकि, चेहरे पर बर्फ लगाने के कितने फायदे हैं, इस पर अभी रिसर्च काफी सीमित है। हालांकि, हेल्थलाइन के मुताबिक, चेहरे पर बर्फ के उपयोग से कई तरह के लाभ होते हैं। इसके उपयोग से चेहरे से सूजन कम हो जाता है और त्वचा चमकदार बनी रहती है।
चेहरे पर कैसे करें बर्फ का उपयोग
चेहरे पर बर्फ का उपयोग सीधे नहीं करना चाहिए। अगर आप फेशियल आइसिंग कर रहे हैं, तो सबसे पहले इसे एक साफ कपड़े में लपेटें। अब आप इसका उपयोग कर सकते हैं। हालांकि, एक बार में 1 से 2 मिनट तक हल्के और सर्कुलर मोशन में ही मसाज करें। वहीं, मसाज करते समय ठुड्डी, गाल, माथे और जबड़े की लाइन पर ध्यान दें। मसाज करते समय चेहरे पर बर्फ को अधिक समय तक नहीं रखें।
चेहरे पर बर्फ लगाने के फायदे
- बर्फ लगाने से चेहरे की सूजन और आंखों के नीचे होने वाले डार्क सर्कल्स में राहत मिलती है।
- यह चेहरे की ढीली पोर्स को टाइट करने के साथ-साथ एक्स्ट्रा ऑयल को कम करने में मदद करता है।
- चेहरे पर बर्फ के उपयोग से मुंहासों से भी राहत मिलती है।
- यह त्वचा को ठंडक और ताजगी देने के साथ-साथ सनबर्न से भी राहत देता है।
चेहरे पर बर्फ लगाने के नुकसान
चेहरे पर बर्फ लगाने के वैसे तो कई फायदे हैं। हालांकि, इसके नुकसान भी हैं। अगर बर्फ को सीधे त्वचा पर ज्यादा देर तक लगाया जाए तो स्किन जल सकती है। इसे आइस बर्न कहा जाता है। इसमें त्वचा सुन्न पड़ जाती है। सेंसिटिव त्वचा वाले लोगों को इसका उपयोग डॉक्टर की सलाह लेने के बाद ही करना चाहिए।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
