गर्मी का मौसम शुरू होते ही मार्केट में चारों तरफ आम दिखने लगता है। हालांकि, आज के समय मार्केट में अधिकांश आमों को कार्बाइड जैसे खतरनाक केमिकल से पकाया गया होता है, जिससे खाने से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं भी होने लगती हैं।

आप कच्चे आम को घर पर ही आसानी से पका सकते हैं। वहीं, कच्चा आम मार्केट में एक तो सस्ते में मिल जाता है और इसे घर पर आसानी से बिना केमिकल के पकाया भी जा सकता है। आज हम आपको घर पर ही कच्चे आम को पकाने के आसान तरीकों के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप ट्राई कर सकते हैं।

पराली का करें उपयोग

आप आम को पकाने के लिए भूसे यानी पराली का उपयोग कर सकते हैं। यह तरीका परंपरागत रूप से काफी लोकप्रिय है। इसके लिए आप सबसे पहले एक टोकरी में भूसे को रखें। अब इस पर कच्चे आम को रखकर ऊपर से भूसा डाल दें। 4-5 दिन के अंदर आम नेचुरल तौर पर पक जाएगा।

अखबार का करें उपयोग

कच्चे आमों को पकाने के लिए आप अखबार का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए आप सबसे पहले आम को पेपर में लपेट लें। अब आप इसे सामान्य तापमान पर रख दें। दरअसल, आम जब पकता है, तो वह एथिलीन गैस छोड़ता है। वहीं, पेपर में लपेटे रहने के कारण यह गैस आसानी से नहीं निकल पाती है, जिससे आम जल्दी पक जाता है।

सूती कपड़े में लपेटें

कच्चे आम को आप सूती कपड़े में लपेटकर किसी सूखे जगह पर रख दें। इससे आम का तापमान सामान्य रहता है, जिससे यह आसानी से पक जाता है।

मिट्टी के बर्तन का करें उपयोग

कच्चे आमों को पकाने के लिए आप मिट्टी के बर्तनों का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए आप मिट्टी के मटके या हांडी में कच्चे आमों को भरकर ऊपर से ढक्कन लगा दें। यह एक पारंपरिक तरीका है जो फल को प्राकृतिक रूप से पकाता है।

चावल में रखें

आप आम को चावल में भी रख सकते हैं। इसके लिए अगर आपके घर चावल का बोरा या फिर डब्बा में रखा हो, तो आप उसमें इन आमों को रख दें। हालांकि, कच्चे आमों को रखने के बाद इस बात का ध्यान रखें कि यह खुला न छूटे।