सर्दी के मौसम में रजाई और कंबल से कई बार खराब स्मेल आने लगती है, जिससे सोने में काफी परेशानी तो होती ही है, साथ ही इससे एलर्जी या स्किन इरिटेशन होने का खतरा भी बना रहता है।
वहीं, कंबल से आ रही बदबू को दूर करने के लिए आम तौर पर लोग ड्राई क्लीन करवाते हैं। अगर आपकी रजाई और कंबल से भी बदबू आ रही है, तो कुछ घरेलू उपाय फॉलो कर आप इस समस्या से राहत पा सकते हैं। इससे आपका समय और पैसा दोनों बच जाएंगे।
रजाई और कंबल को धूप में फैलाएं
रजाई और कंबल से आने वाली बदबू को दूर करने के लिए सबसे आसान उपाय इन्हें धूप में सुखाना है। दरअसल, धूप में मौजूद यूवी किरणें बैक्टीरिया खत्म करती हैं, जिससे बदबू अपने-आप ही दूर हो जाती है। धूप तेज हो, तो कंबल को 2-3 घंटे के लिए रख दें। आप बीच-बीच में इसे पलट भी सकते हैं। इससे नमी आसानी से निकल जाती है।
बेकिंग सोडा से हटाएं कंबल की बदबू
रजाई-कंबल की बदबू को दूर करने के लिए आप बेकिंग सोडा का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए बेकिंग सोडा को हल्के हाथों से रजाई या कंबल पर छिड़ककर 1-2 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद साफ कपड़े से इसे झाड़ लें। इस तरह बेकिंग सोडा कंबल की नमी को हटा देता है और बदबू दूर हो जाती है।
नेचुरल फ्रेशनर का करें छिड़काव
कंबल से आने वाली बदबू को दूर करने के लिए कई लोग केमिकल वाले फैब्रिक फ्रेशनर का उपयोग करते हैं, जो कई बार खतरनाक साबित हो सकते हैं। ऐसे में आप घर पर ही नेचुरल फ्रेशनर तैयार कर सकते हैं। इसके लिए नींबू का रस, पानी और कुछ बूंदें एसेंशियल ऑयल मिलाकर एक मिश्रण तैयार करें। इसे रजाई और कंबल पर हल्के से स्प्रे करें और कुछ देर खुली हवा में छोड़ दें। यह भी बदबू को दूर करता है।
