नारियल सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है, साथ ही इसका स्वाद भी अधिकतर लोगों को खूब पसंद आता है। यही वजह है कि लोग नारियल से कई तरह की डिश बनाना पसंद करते हैं, तो कुछ इसे सादा भी खाते हैं। 3 अक्टूबर, गुरुवार के दिन से शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व का आरंभ हो रहा है। ऐसे में घर-घर नारियल चने का प्रसाद भी बनाया जाएगा।

हालांकि, इन तमाम फायदों के बावजूद नारियल के साथ एक समस्या अक्सर लोगों को परेशान कर देती है। वो ये कि इसे तोड़ना बेहद मुश्किल होता है। कई बार तो नारियल से खोल को अलग करने में बेहद समय लग जाता है। अगर आप भी अक्सर इस समस्या का सामना करते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको कुछ बेहद आसान टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर आप बिना अधिक मेहनत किए कम समय में नारियल से खोल को अलग कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

स्टेप नंबर 1

सबसे पहले हाथों से नारियल के छिलकों को अलग कर लें। अगर छिलके आसानी से नहीं उतर रहे हैं, तो आप नारियल को मीडियम फ्लेम पर थोड़ी देर के लिए गैस पर रख सकते हैं, इससे छिलके जलकर अलग हो जाते हैं। इसके बाद किसी साफ कपड़े की मदद से नारियल को साफ कर लें।

स्टेप नंबर 2

छिलके अलग होने के बाद किसी मजबूत चीज को नारियल पर वार करते हुए इसे बीच से तोड़ लें।

स्टेप नंबर 3

अब, एक बाउल में पानी गर्म होने के लिए रख दें। पानी में उबाल आने के बाद इसमें नारियल को 2 से 3 मिनट के लिए रखें। ऐसा करने पर नारियल से खोल अलग होने लगता है। पानी से नारियल को निकालें और फिर चाकू की मदद से इसके खोल को अलग कर लें।

इन 3 स्टेप्स को फॉलो कर आप बेहद आसानी से नारियल से खोल को अलग कर सकते हैं।