नवंबर का महीना चल रहा है। इसके साथ ही ठंड के मौसम ने धीरे-धीरे दस्तक देनी शुरू कर दी है। खासकर रात के समय मौसम ज्यादा ठंडा हो जाता है। ऐसे में लोगों ने रजाई-कंबल भी निकाल लिए हैं। अब, क्योंकि ये महीनों तक बेड या बक्से में बंद रहते हैं ऐसे में रजाई-कंबल से एक अजीब गंध आने लगती है। इसके चलते लोग साफ रजाई-कंबल को भी ड्राई क्लीन कराने पर मजबूर हो जाते हैं।

अगर आप भी ऐसा करने की सोच रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके बड़े काम का साबित हो सकता है। यहां हम आपको कुछ आसान टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें फॉलो कर आप बिना ड्राई क्लीन के घर पर ही रजाई-कंबल से आने वाली गंध को दूर कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे-

कैसे दूर करें रजाई-कंबल की बदबू?

धूप

इसके लिए सबसे पहले कंबल को धूप में सूखने के लिए छोड़ दें। धूप दिखाने से कंबल से सीलन की बदबू काफी हद तक दूर हो जाती है। शाम के समय जब धूप कम हो जाए, तब किसी मजबूत लाठी की मदद से कंबल पर हल्का-हल्का वार करें। इससे उसके अंदर जमा धूल बाहर आने लगेगी। 2 से 3 बार इस तरीके को अपनाने से बिना ड्राई क्लीन के ही कंबल से बदबू दूर हो जाती है।

कपूर

अगर आप अपार्टमेंट में रहते हैं और वहां तेज धूप नहीं आती है, तो ऐसे में आप कपूर की मदद ले सकते हैं। इसके लिए साफ धुला हुआ कवर कंबल और रजाई पर चढ़ाएं और कवर के अंदर 2-3 कपूर की गोलियां रखकर छोड़ दें। ये तरीका अपनाने से भी बदबू दूर हो जाती है।

सफेद सिरका

इसके लिए एक स्प्रे बोतल में थोड़ी मात्रा में सफेद सिरका लें और इसमें पानी मिलाकर एक घोल तैयार कर लें। इसे कंबल और रजाई पर छिड़कें और थोड़ी देर इन्हें पंखे या AC के नीचे रख दें। ऐसा करने से भी कंबल और रजाई की बदबू दूर हो जाती है।

एसेंशियल ऑयल

इन सब से अलग आप एसेंशियल ऑयल का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। अपनी पंसद का कोई भी एसेंशियल ऑयल कंबल पर स्प्रे करें और कंबल को किसी ठंडी जगह पर रख दें। ऐसा करने से कंबल की बदबू एसेंशियल ऑयल की भीनी खुशबू में बदल जाएगी।