Reduce Belly Fat: आज के समय में बदलती लाइफस्टाइल और भागदौड़ भरी जिंदगी में कम ही लोग हैं, जो अपने हेल्थ पर ध्यान देते हैं। गलत खानपान और स्ट्रेस भरी लाइफ के कारण लोगों में मोटापा एक आम समस्या हो गई है। कई लोग ऑफिस में चेयर पर घंटों बैठे रहते हैं, जिसके कारण पेट के आस-पास के हिस्सों में चर्बी जम जाती है।

वहीं, मोटापा और चर्बी के कारण कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं। इसके कारण कई तरह की बीमारियों के होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में मोटापे को कम करने के साथ-साथ पेट की चर्बी को हटाना काफी जरूरी होता है। अगर आप भी मोटापे से परेशान हैं, तो अपनी दिनचर्या में कुछ खास बदलाव कर सकते हैं।

गर्म पानी से करें दिन की शुरुआत

आप अपने दिन की शुरुआत गर्म पानी के साथ कर सकते हैं। इसके साथ आप नींबू या फिर शहद को भी मिला सकते हैं। आप सुबह उठने के तुरंत बाद एक गिलास गर्म पानी में आधा नींबू और एक चम्मच शहद मिलाएं और इसको पिएं। यह मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे फैट आसानी से गलने लगता है।

30 मिनट करें एक्सरसाइज

अगर आप जिम नहीं जाना चाहते हैं, तो हर रोज घर पर ही हल्की एक्सरसाइज करें। इसकी शुरुआत आप 30 मिनट ब्रिस्क वॉक या हल्की एक्सरसाइज से कर सकते हैं। आप रोजाना कम से कम 30 मिनट तेज चाल से चलें या फिर स्क्वैट्स, प्लैंक्स और हाई नीज जैसी घर पर हल्की बॉडी वेट एक्सरसाइज करें। यह पेट की चर्बी घटाने में काफी मददगार होती है।

खानपान पर दें अधिक ध्यान

पेट के आसपास चर्बी बढ़ने की सबसे बड़ी वजह गलत खानपान होती है। कई लोग पेट की चर्बी घटाने के लिए भूखा रहना या बहुत कम खाते हैं, जो बिल्कुल सही नहीं है। आप हर दिन हेल्दी खाना खाएं और तला-भुना, मीठा या पैकेट वाला खाना खाने से बचें। आप अपनी डाइट को बेहतर करने से मोटापे पर आसानी से काबू पा सकते हैं।

इन चीजों को खाने में करें शामिल

दरअसल, पेट अंदर करने के लिए हेल्दी चीजें खानी चाहिए। आप इसमें दलिया, ताजे फल, हरी सब्जियां और ब्राउन राइस, गेहूं जैसे साबुत अनाज को शामिल कर सकते हैं। ये फाइबर से भरपूर होते हैं और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। आप मैदा या फिर सफेद आटे की चीजें और चीनी से दूरी बनाएं। साथ ही, अपनी डाइट में प्रोटीन शामिल करें। प्रोटीन के लिए आप दाल, पनीर, टोफू या अंडे को शामिल कर सकते हैं। इस तरह का पोषक खाना धीरे-धीरे पेट की चर्बी को कम करने में मदद करता है।

खूब पानी पिएं

अगर आप तेजी से चर्बी और पेट को कम करना चाहते हैं, तो पूरे दिन में खूब पानी पिएं। कई बार बॉडी में गंदे तत्व जमा हो जाते हैं और पानी की कमी के कारण पेट फूलने भी लगता है। ऐसे में रोजाना कम से कम 2.5 से 3 लीटर पानी जरूर पिएं।

पानी के साथ मिलाएं ये चीजें

सुबह खाली पेट नींबू पानी, मेथी का पानी या जीरे का पानी पीने से शरीर अंदर से साफ होता है और पेट की सूजन भी कम होती है। आप फलों और सब्जियों का ताजा जूस भी पी सकते हैं। इससे शरीर को जरूरी पोषण मिलने के साथ-साथ पाचन तंत्र भी बेहतर बना रहता है।

तनाव कम करें और भरपूर नींद लें

पेट की चर्बी बढ़ने की एक बड़ी वजह होती है तनाव और नींद की कमी। जब हम ज्यादा स्ट्रेस में रहते हैं या पूरी नींद नहीं लेते, तो शरीर में कॉर्टिसोल नाम का हार्मोन बढ़ जाता है, जो पेट के आसपास फैट जमा करता है। ऐसे में आपको हर रोज सात से आठ घंटे की पर्याप्त नींद लेना काफी जरूरी होता है। वहीं, तनाव कम करने के लिए मेडिटेशन, योगा या फिर ब्रीदिंग एक्सरसाइज जरूर करें। इससे दिमाग शांत तो रहता ही है, लेकिन यह शरीर को भी फिट रखने में मदद करते हैं।

रात का खाना समय पर खाएं

पेट को कम करने के लिए रात का खाना काफी जरूरी होता है। ऐसे में आप रात के समय का खाना सही समय पर खाएं और हल्का खाएं। कोशिश करें कि डिनर सोने से कम से कम 2 से 3 घंटे पहले हो जाए। रात के खाने में हल्की और आसानी से पचने वाली चीजों को शामिल करें। आप इस दौरान खिचड़ी, दाल-सब्जी, सूप या सलाद खा सकते हैं। ऐसा खाना पेट पर बोझ नहीं डालता और नींद भी अच्छी आती है। वहीं, देर से भारी खाना खाने से शरीर उसे ठीक से पचा नहीं पाता है, जिसके कारण चर्बी बनने लगती है और पेट बाहर आने लगता है।

इंटरमिटेंट फास्टिंग अपनाएं

आप इंटरमिटेंट फास्टिंग भी अपना सकते हैं। दरअसल, यह खाने का एक तरीका है, जिसमें आप दिन का खाना एक सीमित समय के अंदर खाते हैं और बाकी समय उपवास रहते हैं। यह शरीर को फैट बर्न मोड में लाने में मदद करता है। इससे पाचन भी बेहतर होता है।

चीनी वाले ड्रिंक्स को कहें ना

आप चीनी वाले ड्रिंक्स को बिल्कुल ही न पिएं। दरअसल, कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस, मीठी चाय-कॉफी में काफी मात्रा में शुगर पाई जाती है, जो शरीर में फैट बढ़ाती है। आप इन सभी के जगह पर नारियल पानी, नींबू पानी या हर्बल टी का सेवन कर सकते हैं। इससे पेट ठंडा रहता है और किसी भी तरह की परेशानी भी नहीं होती है। दही और छाछ जैसे फूड भी पाचन को सुधारते हैं और पेट की सूजन कम करने में मदद करते हैं।

ग्रीन टी या हर्बल चाय का करें सेवन

आप ग्रीन टी या हर्बल चाय का सेवन कर सकते हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स मेटाबॉलिज्म को तेज करते हैं और फैट बर्न करने में मदद करते हैं। आप दिन में 1-2 कप ग्रीन टी पी सकते हैं। इसके साथ आप शहद भी मिला सकते हैं।