How to Clean Your Gold Chains at Home: नवरात्र शुरू होने के साथ तीज-त्योहार का सिलसिला शुरू हो गया है। नवरात्र के बाद करवा चौथ और फिर दिवाली की धूम रहेगी। इन त्योहारों पर महिलाएं खूब सजती संवरती हैं। सोने के आभूषणों के प्रति महिलाओं का अलग ही प्रेम होता है। लेकिन कई बार सोने के गहने भी गंदगी, चिकनाई या धूल-मिट्टी जमने की वजह से अपनी चमक खो देते हैं।
ऐसे में उन्हें सुनार के पास ले जाकर साफ करवाना हर बार संभव नहीं होता है। ऐसे में यहां हम आपके साथ कुछ ऐसे तरीके शेयर करने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप घर में ही अपने आभूषणों को चमका पाएंगे। साथ ही बिना केमिकल के इस्तेमाल किए इनकी खोई चमक पाने में आपको मदद मिलेगी।
गंदगी और मैल को हटाएं
सोने के गहनों को नए की तरह चमकाने के लिए सबसे पहले उनके ऊपर जमा गंदगी और मैल को हटाएं। इसके लिए आप पॉलिशिंग कपड़े की मदद लें। इसे सोने के गहनों की सतह पर हल्के और गोलाकार गति में घुमाएं। खरोंचने या ज्यादा दबाव डालने से बचें।
बेकिंग सोडा से करें साफ
सोने के गहनों को साफ करने के लिए गुनगुना पानी लें। उसमें शैंपू मिलाएं। फिर एक मुलायम कपड़े में ये मिश्रण लेकर गहनों को साफ करने की कोशिश करें। इसके बाद साफ पानी में कपड़ा डुबोकर निचोंड लें। फिर इससे गहनों को साफ करें। इससे आपके गहनों की चमक वापस आ जाएगी।
डिश सोप से चमकाएं गहनें
डिश सोप का इस्तेमाल करके भी आप सोने के गहनों को चमका सकते हैं। इसके लिए डिश सोप की कुछ बूंदें गुनगुने पानी में मिलाएं। फिर मुलायम ब्रिसल वाले टूथब्रश या कपड़े से अपने गहनों को धीरे से रगड़ें। आपके सोने के गहने फिर से नए जैसे चमकने लगे हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
सोने के गहनों को साफ करने के लिए ब्लीच या अमोनिया जैसे कठोर रसायनों का इस्तेमाल करने से बचें। गहनों को कभी भी ज्यादा जोर से न रगड़ें। सोना नाज़ुक होता है, और ब्लीच लगे किसी कठोर कपड़े से इसे ज्यादा रगड़ने से सतह एक ही बार में खराब हो सकती है। इसलिए मुलायम लिनेन के कपड़े चुनें। गहनों को बाथरूम या नम दीवार वाली अलमारी जैसी जगहों पर रखने से बचें। क्योंकि नमी समय के साथ सोने के गहनों को खराब कर सकती है।