फ्राइड राइस हो या जले हुए बर्तन, सिरका का इस्तेमाल काफी व्यापक तरीके से किया जाता है। दरअसल, सिरका एक एक्टिवेटर की तरह काम करता है और इसलिए इसका इस्तेमाल किसी भी खाने में फर्मेंटेशन के लिए किया जाता है। तो जले हुए बर्तनों की सफाई से लेकर घर की कई चीजों को चमकाने के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में अगर आप एक बार सिरका बनाकर रख लें तो सालभर आराम से इसका इस्तेमाल कर पाएंगे। तो, आइए जानते हैं घर में सिरका बनाने का तरीका और इसके लिए आपको क्या-क्या चाहिए।
घर में सिरका कैसे बनाएं-How to make vinegar at home?
आप घर में सिरका बड़ी आसानी से बना सकते हैं। खासकर कि इस मौसम में जब आपको गन्ने का रस (how to make vinegar from sugarcane juice) आराम से मिल जाएगा। तो, आपको करना ये है कि एक मिट्टी का बर्तन लें और इसमें गन्ने का रस भरकर रख दें। इसे ऊपर से किसी काले कपड़े से ढककर बांध दें। रोज दिन में इसे धूप दिखाएं और फिर इसे किसी गर्म कोने में रख दें। रोज आपको कम से कम महीनों तक ये काम करना है।
सिरका कितने दिन में बनता है
बता दें कि ये प्रोसेस लगभग दो महीने तक चलता रहेगा। गर्मियां हैं तो ये 40 से 45 दिन में भी बनकर तैयार हो सकता है। पर जितना पुराना आपका जूस होता जाएगा उतना ही बढ़िया सिरका बनकर तैयार हो जाएगा। आपको इस दौरान ध्यान ये देना है कि सिरके को हमेशा गर्मस्थान पर ही रखें।
2 महीने के बाद करें ये काम
अब आपको लगभग 2 महीने होने पर सिरके को ऊपर से खोलना है और किसी दूसरे बर्तन में साफ सूती का कपड़ा लगाकर इसे छान लेना है। अब इस सिरके को कांच के किसी बॉटल में भरकर रखें ताकि ये रिएक्ट न करे। इसके अलावा इसका स्वाद भी बेहतर होता जाएगा और आप इसे इस्तेमाल कर पाएंगे।
सिरका बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
गन्ने का सिरका बनाते समय आपको कुछ बातों का खास ख्याल रखना चाहिए। जैसे कि सिरका बनाने के लिए हमेशा मिट्टी, प्लास्टिक या फिर कांच के बर्तनों का ही इस्तेमाल करें। कभी भी किसी भी मेटल के बर्तन में सिरका न बनाएं क्योंकि ये आपस में रिएक्ट करेंगे जिससे सिरका सही से नहीं बन पाएगा। साथ ही सिरके को स्टोर करने के दौरान भी आपको इसी बात का ख्याल रखना है और इसे मिट्टी, प्लास्टिक या फिर कांच के बर्तनों में ही स्टोर करना है।