Perfume Fragrance Long Lasting: परफ्यूम लगाना अब सिर्फ फैशन नहीं रह गया है। आज के समय परफ्यूम लगाना पर्सनालिटी का एक अहम हिस्सा हो गया है। हालांकि, इसको लगाने के बाद कई लोग शिकायत करते हैं कि इसकी खुशबू कुछ ही घंटों में खत्म हो जाती है और एक बार लगाने के बाद पूरा दिन नहीं चल पाती है।
ऐसे में परफ्यूम लगाने के बाद अगर आप भी बार-बार इस तरह की शिकायत करते हैं, तो हम आपके लिए कुछ खास तरह के टिप्स लेकर आए हैं, जिन्हें फॉलो कर आप अपनी पसंदीदा परफ्यूम की खुशबू को लंबे समय तक बनाए रख सकते हैं।
सही समय और सही जगह पर लगाएं परफ्यूम
- परफ्यूम को लॉन्ग लास्टिंग बनाए रखने के लिए इसे सही समय और सही जगह पर लगाना काफी जरूरी होता है। कई लोग बिना नहाए परफ्यूम लगा लेते हैं, ऐसे में इसकी खुशबू जल्दी ही खत्म हो जाती है। हमेशा नहाने के बाद परफ्यूम लगाना चाहिए। इस समय त्वचा हाइड्रेटेड रहती है, जिसके कारण वह खुशबू को अधिक समय तक बनाए रखती है।
- परफ्यूम को हमेशा कलाई, गर्दन और कानों के पीछे जैसे पल्स प्वाइंट्स पर लगाना बेहतर होता है। दरअसल, इन जगहों पर गर्माहट बनी रहती है, जिससे खुशबू लंबे समय तक बनी रहती है।
- परफ्यूम को लंबे समय तक टिकाए रखने के लिए आप लेयरिंग टेक्निक को भी फॉलो कर सकते हैं। दरअसल, लेयरिंग टेक्निक में एक ही फ्रेगरेंस रेंज का बॉडी लोशन, शॉवर जेल और परफ्यूम का उपयोग किया जाता है। इससे खुशबू का असर कई गुना बढ़ जाता है।
इन बातों का रखें ध्यान
परफ्यूम लगाने के बाद आप कपड़ों पर हल्का स्प्रे कर सकते हैं। इससे इसकी खुशबू देर तक महसूस होती है। हालांकि, कपड़ों पर अधिक स्प्रे नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे दाग लगने का खतरा रहता है। आप बालों में भी परफ्यूम को हल्का स्प्रे कर सकते हैं।
परफ्यूम को सीधी धूप, गर्मी और नमी से दूर रखें। ठंडी और सूखी जगह पर रखने से इसकी क्वालिटी और खुशबू लंबे समय तक बनी रहती है।
परफ्यूम लगाने के बाद कभी भी कलाइयों को नहीं रगड़ना चाहिए। इससे इसकी खुशबू जल्दी खत्म हो जाती है। स्प्रे करने के बाद परफ्यूम को कलाइयों पर सूखने दें।