Home Remedies for Chapped Lips: खूबसूरत होंठ चेहरे की सुंदरता में चार-चांद लगाने का काम करते हैं। कई बार पानी कम पीने या केमिकल वाले प्रोडक्ट का ज्यादा इस्तेमाल करने की वजह से होंठ फटने शुरू हो जाते हैं। सेहत खराब होने पर भी होंठ पर इसका असर नजर आने लगता है। ऐसे में लोग फटे होंठ को सही करने के लिए लिप बाम का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन इनमें केमिकल और सिंथेटिक कलर होता है। ये कई लोगों को फायदे की जगह नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। महंगे लिप प्रोडक्ट खरीदना सभी के लिए संभव नहीं होता है। ऐसे में आप घर पर नेचुरल चीजों से ही अपने लिए लिप बाम तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं नींबू और एलोवेरा से घर में लिप बाम बनाने और इस्तेमाल करने का सही तरीका।
नींबू से लिप बाम बनाने का तरीका
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
2 बड़े चम्मच नारियल तेल, 2 चम्मच कोकोआ बटर, 2 चम्मच बादाम का तेल, 2 चम्मच मोम, लाइम एसेंशियल ऑयल
नींबू से लिप बाम कैसे बनाएं?
लिप बाम बनाने के लिए सबसे पहले धीमी आंच पर डबल बॉयलर रखें। इसमें आपको कोकोआ बटर, मोम, बादाम और नारियल का तेल मिलाना है। सभी को मिक्स करें। इन्हें थोड़ी देर रख दें ताकि ये पिघल जाए। इसके बाद इसे गैस से उतार लें। अब आपको इसमें लाइम एसेंशियल ऑयल की बूंदें मिलानी हैं। मिश्रण को ठंडा होने दें। इसके बाद किसी कंटेनर में रख दें। लिप बाम तैयार है।
एलोवेरा से ऐसे बनाएं लिप बाम
एलोवेरा स्किन के लिए फायदेमंद होता है। इसमें मॉइस्चराइजिंग गुण होते हैं। इसका इस्तेमाल करने से स्किन सॉफ्ट होने के साथ-साथ रिपेयर भी होती है। आप घर में लगे एलोवेरा के पौधे से लिप बाम बना सकते हैं। इसका इस्तेमाल करने से आपको होंठ हाइड्रेट रहेंगे।
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
1 चम्मच एलोवेरा जेल, 1/2 चम्मच नारियल तेल
ऐलोवेरा से लिप बाम कैसे बनाएं?
लिप बाम बनाने के लिए सबसे पहले एक छोटे बाउल में एलोवेरा जेल लें। अब इसमें नारियल का तेल मिक्स करें। इसके बाद इस मिश्रण को किसी डिब्बे में भर लें। लिप बाम तैयार है। इसे आप रोजाना इस्तेमाल कर सकते हैं।
घर पर बना लिप बाम कैसे लगाएं?
घर पर नेचुरल चीजों से बने लिप बाम को आप सुबह और शाम इस्तेमाल कर सकते हैं। कोशिश करें कि लिप बाम लगाने से पहले आप होंठों को स्क्रब कर पाएं। ऐसा करने से होंठ नहीं फटेंगे। होंठों से लिपस्टिक हटाने के बाद भी लिप बाम लगाना चाहिए।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।