ठंड में गुड़ खाना सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसमें आयरन और कई मिनरल्स होते हैं, जो शरीर को गर्मी से बचाने में मदद करते हैं। वहीं, सर्दी के मौसम में गुड़ खाने से शरीर में गर्मी बनी रहती है। गुड़ इम्युनिटी (Immunity) को भी बढ़ाने में मदद करता है। पुराने समय में लोग गुड़ का सेवन हर रोज किया करते थे।
गुड़ की चटनी के हैं कई लाभ
अगर आप भी गुड़ का सेवन करना चाहते हैं तो आप इसकी चटनी बना सकते हैं। यह काफी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्दी भी होता है। इसकी चटनी को कई दिनों तक स्टोर भी किया जा सकता है। गुड़ की चटनी को खाने से पाचन तंत्र भी बेहतर होता है। भोजन में हर रोज शामिल करने से खाना आसानी से पच जाता है और कब्ज जैसी समस्या नहीं होती है।
गुड़ की चटनी बनाने की सामग्री
- एक कप गुड़
- दो चम्मच इमली
- एक कप पानी
- आधा चम्मच जीरा
- आधा चम्मच लाल मिर्च
- हल्का काला नमक
- हल्का नमक
घर पर कैसे बनाएं गुड़ की चटनी?
गुड़ की चटनी को आप आसानी से अपने घर पर भी बना सकते हैं। इसके लिए आप सबसे पहले एक पतिला लें और इसमें पानी को गर्म करें। अब आप इसमें गड़ को डाल कर पिघलाएं। जब गुड़ पिघल जाए तो आप इसमें इमली का गुदा डाल दें और इसको अच्छे से मिलाएं। आप इसको 2-3 मिनट तक अच्छे से पकाएं, जिससे इमली का खट्टापन गुड़ में मिल जाए।
अब आप इसमें जीरा, लाल मिर्च, काला नमक और सादा नमक को डाल दे। इसको आप 5-7 मिनट तक अच्छे से पकाएं। कुछ समय बाद यह गाढ़ा हो जाएगा। अब आप गैस को बंद कर दें और इसको ठंडा होने दे। ठंडा हो जाने के बाद इसको आप सर्व कर सकते हैं। आप गुड़ की चटनी को कांच की कंटेनर में स्टोर भी कर सकते है।