Golgappa recipe in hindi: गोलगप्पे का नाम सुनकर ही मुंह में पानी आ जाता है। कुरकुरे गोलगप्पे में जब खट्टा-चटपटा गोलगप्पे का पानी भरा जाता है तो इनका स्वाद दोगुना हो जाता है। यूं तो बाजार में हर गली-नुक्कड़ पर आपको गोलगप्पे बेचने वाले नजर आ जाएंगे। घर पर अगर आप इन्हें तैयार करें तो ज्यादा अच्छा है, क्योंकि बाजार में मिलने वाले गोलगप्पे खाने से कई बार लोगों का पेट गड़बड़ हो जाता है।

अक्सर कई महिलाओं की शिकायत रहती है कि वो जब भी घर में गोलगप्पे बनाने की कोशिश करती हैं तो वो फूलते नहीं हैं। यहां हम आपके लिए गोलगप्पे बनाने की रेसिपी लेकर आए हैं। इससे आप ठेले वाले भैया की तरह सूजी या आटे के गोलगप्पे आसानी से घर पर तैयार कर पाएंगी।

सूजी के गोलगप्पे कैसे बनाएं?

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

1 कटोरी सूजी बारीक
2 चम्मच ऑयल
1/4 टी स्पून बेकिंग सोडा
1/2 कटोरी गरम पानी
आवश्यकतानुसार ऑयल तलने के लिए

सूजी के गोलगप्पे की रेसिपी

सूजी के गोलगप्पे बनाने के लिए सबसे पहले बारीक सूजी लें। इसमें थोड़ा सा ऑयल मोयन के तौर पर डालेंगे। इसके बाद एक चुटकी बेकिंग सोडा डालेंगे। अब गुनगुना पानी डालकर आटा गूंधेंगे। यह आटा न तो ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा सख्त होना चाहिए। इसके बाद 10 मिनट के लिए ढक कर रख दें। अब आपको तेल गर्म करना है। फिर 10 मिनट बाद आटे को मसलकर चिकना कर लें। इससे छोटी-छोटी लोई बनाएंगे बनाएं। मिनी पूड़ी बनाकर तलेंगे। इन्हें धीमी आंच पर तलें। दोनों तरफ से तलें।

आटे के गोलगप्पे कैसे बनाएं?

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

1/2 किलो आटा
2 चम्मच तेल मोयन के लिए
स्वादानुसार नमक
आवश्यकता अनुसार पानी

आटे के गोलगप्पे बनाने की विधि

आटे के गोलगप्पे भी कई लोगों को पसंद होते हैं। इन्हें बनाने के लिए सबसे पहले आटे में नमक और तेल डालें। इसके बाद आटे को पानी से अच्छे से गूंथकर तैयार कर लें। 15 मिनट तक रेस्ट करने के लिए छोड़ दें। फिर छोटी-छोटी लोई बनाकर उसे बेल लें। इसे आसान बनाने के लिए आप कोई छोटी कटोरी लें। बड़ी सी रोटी बना लें। फिर उसमें कटोरी की मदद से छोटी-छोटी गोलगप्पे की पूरी काट लें। उसके बाद एक फ्राई पैन रखिए उसमें तेल डालें तेल जब अच्छे से गर्म हो जाए तो आटे के छोटे छोटे गोल गप्पे डाल के फ्राई कर दीजिए इस गोलगप्पे का कलर्स गोल्डन ब्राउन होना चाहिए।