देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। ऐसे में कई लोग भीषण गर्मी के लिए एसी का सहारा लेते हैं। वहीं, गर्मी से बचने के लिए कूलर का भी उपयोग करते हैं। हालांकि, तेज गर्मी के कारण कई बार कूलर की कूलिंग सही से काम नहीं कर पाती है। ऐसे में आप इसमें कुछ खास चीजें को डाल सकते हैं, जिससे इसकी कूलिंग क्षमता भी बढ़ जाएगी।
कूलर में डालें बर्फ
गर्मी के मौसम में कूलर कई बार कमरे को सही से ठंडा नहीं कर पाता है। ऐसे में आप इसकी कूलिंग को बेहतर करने के लिए इसकी टंकी में बर्फ डाल सकते हैं। बर्फ जब पानी में घुलती है, तो इससे ठंडी-ठंडी हवा आती है। इसके लिए आप मार्केट से कुछ किलो बर्फ को खरीदें और इसकी टंकी में डाल लें। आप बर्फ को फ्रिज में भी जमा सकते हैं। इससे पानी तो ठंडा रहेगा ही, साथ ही साथ टंकी भी जल्दी खाली नहीं होगी।
टंकी में मिलाएं पुदीने का तेल
आप कूलर की टंकी में पुदीने का तेल को भी डाल सकते हैं। इससे ठंडक का असर बढ़ता है, जिससे ठंडा-ठंडा अहसास होता है। पुदीने का तेल कमरे में फ्रेशनेस लाता है, साथ ही इसके उपयोग से मच्छर भी दूर रहते हैं।
कूलर को रखें साफ
कई बार कूलर चलाने के बाद इसकी जाली और पैड गंदे हो जाते हैं, जिससे ठंडक कम हो जाती है। ऐसे में आप अपने कूलर की सफाई हर 10-15 दिन में जरूर करें। अगर पैड अधिक गंदा हो गया हो, तो इसको तुरंत बदल दें। गंदे पैड हवा को ठीक से फिल्टर नहीं कर पाते हैं, जिससे कूलिंग इफेक्ट कम हो जाता है।