सर्दी का कहर दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। पहाड़ों पर बर्फबारी भी हो रही है। ऐसे में हर जगह ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। तापमान भी कम होता जा रहा है। ऐसे में सर्दी से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े तो पहनते ही हैं, साथ ही घर आने के बाद हीटर का सहारा लेते हैं। लेकिन हीटर हो या ब्लोअर ये न केवल बिजली का खर्च बढ़ाते हैं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर भी असर डाल सकते हैं। ऐसे में आप बिना हीटर चलाए घर को गर्म रख सकते हैं। उसके लिए आपको बस कुछ छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखना होगा।

सूरज की रोशनी

सर्दियों में जब भी धूप निकले उस समय कोशिश करें कि थोड़ी देर खिड़कियां और बालकनी के दरवाजे खुले रखें। ऐसा करने से सूरज की गर्मी सीधे कमरे में आएगी। इससे प्राकृतिक तरीके से गर्मी घर और कमरे के तापमान को बेहतर बनाएगी।

लाइट्स

सर्दियों के मौसम में घर को गर्म रखने के लिए आप तेज रोशनी वाली लाइट्स लगा सकते हैं। इससे हीटर चलाए बिना ही घर का तापमान थोड़ी बहुत बढ़ सकता है। आप चाहें तो कुछ मोमबत्तियां भी जलाकर रख सकते हैं जिससे गर्माहट बढ़ सकती है।

प्लास्टिक रैप और हैवी पर्दे

घर को गर्म रखने के लिए आप खिड़कियों या दरवाजों के किनारों से आने वाली ठंडी हवा को रोकने के लिए प्लास्टिक रैप लगा सकते हैं। इसके साथ ही ठंडे मौसम में घर को गर्म रखने के लिए आपको खिड़कियों पर हैवी पर्दे लगाने चाहिए।

पौधों से पाएं गर्मी

इनडोर पौधे न केवल हवा को साफ रखते हैं, बल्कि कमरे की नमी और तापमान को भी संतुलित करते हैं। कुछ खास पौधे जैसे मनी प्लांट, एलोवेरा या स्नेक प्लांट सर्दियों में हवा को स्थिर बनाए रखने में मदद करते हैं।