सर्दियों के मौसम में घर के कामकाज करना काफी परेशानी भरा हो जाता है। इस मौसम में खासकर ठंडे पानी से बर्तन धोना एक बड़ी समस्या बन जाता है। ठंड के कारण हाथ सुन्न होने लगते हैं और कई बार उंगलियों में झनझनाहट भी महसूस होती है।

वहीं, लगातार कुछ समय तक ठंडे पानी से हाथ धोने पर कई बार दर्द भी होने लगता है। ऐसे में घर का कामकाज करना काफी मुश्किल हो जाता है। इसी समस्या से बचने के लिए हम आपके लिए कुछ खास देसी उपाय लेकर आए हैं, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं। इन उपायों से आपको बर्तन धोने में परेशानी नहीं होगी।

गुनगुने पानी का करें उपयोग

सर्दियों के मौसम में इस परेशानी से बचने के लिए सबसे कारगर उपाय गुनगुने पानी का उपयोग करना है। इसके लिए आप बर्तन धोने से कुछ समय पहले हल्का गुनगुना पानी तैयार कर सकते हैं। इससे हाथ सुन्न होने से बचेंगे और बर्तन भी आसानी से साफ हो जाएंगे।

हाथों में पहनें दस्ताने

बर्तन धोने के लिए आप दस्तानों का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए रबर के दस्ताने आप बाजार से खरीद सकते हैं। इन्हें पहनकर बर्तन धोने से हाथ सीधे ठंडे पानी के संपर्क में नहीं आते, जिससे हाथ सुन्न होने से बच जाते हैं। रबर के दस्ताने हाथों की त्वचा को डिटर्जेंट के नुकसान से भी बचाते हैं।

हाथों की एक्सरसाइज करें

बर्तन धोने से पहले कुछ मिनटों के लिए हल्की एक्सरसाइज करें। इसमें आप उंगलियों को खोल-बंद कर सकते हैं। मुट्ठी कसकर बंद करें और कलाई को घुमाएं। इससे हाथों में खून का प्रवाह बेहतर होता है, जिससे ठंड का असर कम हो जाता है।

हाथों पर लगाएं मॉइस्चराइजर

ठंडे पानी से बर्तन धोने के बाद हाथों को अच्छी तरह पोंछ लें। इसके बाद हाथों पर मॉइस्चराइजर या क्रीम लगाएं। इससे त्वचा में नमी बनी रहती है और हाथ मुलायम रहते हैं। अगर हाथ बहुत अधिक ठंडे हो गए हों, तो उन्हें आग पर सेंक सकते हैं या थोड़ी देर धूप में बैठ सकते हैं।